1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'पहली गेंद से हिट मार सकता हूं', आलोचकों को तिलक वर्मा का करारा जवाब, स्ट्राइक रेट पर तोड़ी चुप्पी

'पहली गेंद से हिट मार सकता हूं', आलोचकों को तिलक वर्मा का करारा जवाब, स्ट्राइक रेट पर तोड़ी चुप्पी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 21, 2026 08:25 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 08:25 pm IST

भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर अपने स्ट्राइक रेट को लेकर हुई आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि वह हमेशा टीम की जरूरत के मुताबिक बल्लेबाजी करते हैं।

Tilak Varma- India TV Hindi
तिलक वर्मा Image Source : AFP

T20 क्रिकेट में स्ट्राइक रेट को अक्सर बल्लेबाज की सबसे बड़ी पहचान माना जाता है, लेकिन भारतीय युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा का मानना है कि हर मैच सिर्फ तेजी से रन बनाने का नहीं होता। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर अपनी धीमी बल्लेबाजी को लेकर उठे सवालों के बीच तिलक ने साफ कर दिया कि उनका लक्ष्य व्यक्तिगत आंकड़े नहीं, बल्कि टीम की जरूरत के मुताबिक खेलना है। उन्होंने कहा कि अगर टीम चाहे तो वह पहली ही गेंद से बड़े शॉट खेल सकते हैं, लेकिन जब टीम मुश्किल में हो तो जिम्मेदारी निभाना ज्यादा जरूरी होता है।

पहली गेंद से ही हिट कर सकते हैं तिलक 

23 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि T20 क्रिकेट में हर परिस्थिति अलग होती है और बल्लेबाज को उसी हिसाब से खुद को ढालना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के दौरान भारतीय टीम कई मैचों में पावरप्ले या पहले 10 ओवर के भीतर ही चार-पांच विकेट गंवा रही थी। ऐसे हालात में सिर्फ तेजी से रन बनाने के लिए जोखिम उठाना टीम के हित में नहीं था।

तिलक ने कहा कि अगर जरूरत पड़े तो वह पहली गेंद से ही हिट कर सकते हैं। लेकिन वह देश के लिए खेलते हैं और इसके साथ बड़ी जिम्मेदारियां जुड़ी होती हैं। जब टीम संकट में हो तो पारी संभालना जरूरी हो जाता है। ऐसे समय में सिर्फ स्ट्राइक रेट बढ़ाने के लिए आउट होना सही फैसला नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि टीम मैनेजमेंट जिस भूमिका में उन्हें भेजता है, वह उसी जिम्मेदारी को निभाने की कोशिश करते हैं। उनके मुताबिक उपकप्तान होने के नाते उन पर अतिरिक्त भरोसा जताया जाता है और वह उसी विश्वास पर खरा उतरना चाहते हैं।

इंग्लैंड दौरे पर खामोश रहा बल्ला

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर तिलक वर्मा ने सात T20I मैचों में 178 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए। उनका हाईएस्ट स्कोर 55 रन रहा, जो उन्होंने बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दूसरे T20I मुकाबले में बनाया था। हालांकि, कई मौकों पर उनकी धीमी बल्लेबाजी की गति को लेकर आलोचना हुई और कहा गया कि वह मैच की मांग के मुताबिक तेजी नहीं दिखा सके।

उधर, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम इंडिया पहले आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज 0-2 से हार गई और इसके बाद इंग्लैंड ने भी चार मैचों की T20I सीरीज में भारत का 4-0 से सूपड़ा साफ कर दिया। अब भारतीय टीम की नजर वापसी पर होगी। भारत 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की T20I सीरीज में जिम्बाब्वे का सामना करेगा। ऐसे में तिलक वर्मा समेत पूरी टीम बेहतर प्रदर्शन कर आलोचकों को जवाब देने की कोशिश करेगी।

यह भी पढ़ें:

कितने बजे शुरू होंगे भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20 मैच, शाम सात और साढ़े सात भूल जाइए, नोट कीजिए सही वक्त

श्रेयस अय्यर फिर संभालेंगे कमान, भारत बनाम जिम्बाब्वे सीरीज के लिए क्या है पूरा स्क्वाड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल