1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कभी नहीं टूटेगा विराट कोहली का ये कीर्तिमान, टेस्ट कप्तान के तौर पर खींचकर गए ऐसी लकीर

कभी नहीं टूटेगा विराट कोहली का ये कीर्तिमान, टेस्ट कप्तान के तौर पर खींचकर गए ऐसी लकीर

 Written By: Govind Singh
 Published : May 12, 2025 05:54 pm IST,  Updated : May 12, 2025 06:19 pm IST

विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में कई दमदार पारियां खेलीं और टीम इंडिया को जीत दिलाई। अब उन्होंने अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को हैरान कर दिया है।

विराट कोहली- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : GETTY

Virat Kohli Test Record: महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने इंटरनेशनल क्रिकेट से साल 2013 में रिटायरमेंट ले लिया था। इसके बाद क्रिकेट में उदय हुआ विराट कोहली का। जब तक कोहली क्रीज पर रहते भारतीय क्रिकेट फैंस को जीत की उम्मीद बनी रहती थी। उन्होंने टेस्ट में सिर्फ अच्छा प्रदर्शन ही नहीं किया। बल्कि खेलने की मानसिकता को ही पूरी तरह से बदल डाला। वह क्रिकेट को लेकर अपने असीम जुनून के चलते मौजूदा दौर के महानायक बनकर उभरे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में आक्रमकता की नई परिभाषा लिखी। वह भारत के सबसे सफलतम टेस्ट कप्तान भी बने।

साल 2014 में बने टेस्ट कप्तान

महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कोहली ने साल 2014 में भारतीय टेस्ट टीम की कमान संभाली थी। यह वह समय था, जब भारतीय क्रिकेट टीम से सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, राहुल द्रविड़ और धोनी जैसे बड़े सुपरस्टार्स जा चुके थे। तब कोहली ने फैंस के दिलों में अपनी एक अलग जगह बनाई और विरोधी टीमों के सामने डिफेंसिव नहीं, बल्कि मुखर होकर सामने आए। टी20 क्रिकेट के दौर में भी उनका जुनून सिर चढ़कर बोला और वह सुपरस्टार बन गए।

भारतीय टीम के हैं सफलतम टेस्ट कप्तान

विराट कोहली ने भारतीय टीम के लिए 68 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें से भारत ने 40 में जीत दर्ज की और सिर्फ 17 हारे। वहीं 11 टेस्ट मुकाबले ड्रॉ रहे। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले कप्तान रहे।

5000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान

विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान हैं। उन्होंने भारत के लिए टेस्ट में कप्तान के तौर पर कुल 5864 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 20 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में वह पहले भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने 5000 से ज्यादा रन बनाए हैं। कोहली का यह रिकॉर्ड हमेशा बरकरार रहेगा, क्योंकि अगर अब कोई आने वाला कोई भारतीय खिलाड़ी कप्तान के तौर पर 5000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाता, तो वह ऐसा करने वाल दूसरा भारतीय कप्तान बनेगा।

अभी कोहली के बाद भारत के लिए टेस्ट कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने भारत के लिए टेस्ट कप्तान के तौर पर 3454 रन बनाए थे। जबकि वह 11 साल पहले ही रिटायरमेंट ले चुके हैं।

इन सेना देशों में जीत दर्ज करने वाले पहले भारतीय

विराट कोहली ने भारतीय टेस्ट कप्तान के तौर पर विदेशों में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट कप्तान के तौर पर दो टेस्ट जीते और इंग्लैंड में उनकी जीत का आंकड़ा तीन तक पहुंच गया। उन्होंने टेस्ट कप्तान के तौर पर विदेशों में कुल 16 मैच जीते, जो भारत के लिए सबसे ज्यादा हैं। इसके अलावा कोहली पहले ऐसा भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड तीनों जगह टेस्ट मैच जीते हैं। उनसे पहले ऐसा कोई भी भारतीय कप्तान नहीं कर पाया था।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल