इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और वह अपने खेल से सभी को प्रभावित करने में सफल रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने दूसरी पारी में चार विकेट हासिल किए। खास बात ये रही कि उन्होंने ये चारों विकेट बोल्ड के रूप में हासिल किए हैं। उन्होंने इंग्लैंड की टीम को दूसरी पारी में 192 रनों पर रोकने में अहम भूमिका निभाई है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरे कर लिए 100 विकेट
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने जो रूट, बेन स्टोक्स, विकेटकीपर जेमी स्मिथ और शोएब बशीर के विकेट झटके। चार विकेट लेने के साथ ही उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 विकेट पूरे कर लिए और स्पेशल शतक पूरा कर लिया।
भारतीय टीम के लिए खेले तीनों फॉर्मेट
वॉशिंगटन सुंदर ने भारतीय टेस्ट टीम के लिए साल 2021 में डेब्यू किया था। इसके बाद से उन्होंने 11 टेस्ट मैचों में 30 विकेट, 23 वनडे मैचों में 24 विकेट और 54 T20I मैचों में कुल 48 विकेट अपने नाम किए थे। इस तरह से इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके 102 विकेट हो गए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में बना चुके 500 से ज्यादा रन
वॉशिंगटन सुंदर अभी 25 साल के ही हैं और इंग्लैंड दौरे पर अपना जलवा दिखा रहे हैं। बेहतरीन गेंदबाजी के साथ-साथ वह निचले क्रम पर उतरकर धमाकेदार बल्लेबाजी करने में भी माहिर हैं। टेस्ट क्रिकेट में वह 545 रन बना भी चुके हैं, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। टेस्ट में उनका हाईएस्ट स्कोर 96 रन रहा है।
दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने दिखाया दम
तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 387 रन बनाए थे। इसके बाद भारतीय टीम ने भी पहली पारी में 387 रन बना लिए और इस तरह से स्कोर बराबर हो गया। इसके बाद दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को रोके रखा। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 192 रन बनाए। जो रूट ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए।
यह भी पढ़ें:
चरम पर पहुंच चुका है लॉर्ड्स टेस्ट मैच का रोमांच, 6 विकेट 135 रन, किसके पाले में जाएगा ये मुकाबला
भारतीय क्रिकेट टीम ने टेस्ट में पहली बार किया ऐसा, अंग्रेज बल्लेबाजों की उड़ाईं धज्जियां