चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू हो चुका है। इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस मैच में टीम इंडिया को सपोर्ट करने के लिए एक खास खिलाड़ी दुबई पहुंचे हैं। ये प्लेयर कोई और नहीं, भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं। बुमराह चोट की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
BGT के दौरान बुमराह को लगी थी चोट
बता दें कि जसप्रीत बुमराह को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान चोट लगी थी। इस चोट की वजह से वो इंग्लैंड सीरीज का हिस्सा नहीं थे। हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी का हिस्सा नहीं होने के बावजूद वो टीम इंडिया को सपोर्ट करने दुबई पहुंचे हैं। बुमराह मैच शुरू होने से पहले मैदान पर दिखे और वहां उन्होंने टीम इंडिया के खिलाड़ियों से मुलाकात की। बुमराह से मिलकर सभी खिलाड़ी काफी खुश नजर आ रहे थे।
अगर मुकाबले की बात करें तो यह चैंपियंस ट्रॉफी के जारी संस्करण का पांचवां मैच है। अभी तक भारत और पाकिस्तान दोनों ने एक-एक मैच खेला है। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में बांग्लादेश को हराकर जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। वहीं, पाकिस्तान की टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह मैच सबसे ज्यादा जरूरी है। अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ यह मुकाबला हार जाता है तो फिर उनके लिए सेमीफाइनल में पहुंचना नामुमकिन हो जाएगा।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI की बात करें तो भारत ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं पाकिस्तान की प्लेइंग XI में एक बदलाव हुआ हैं। फखर जमां जो चोट की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, उनकी जगह इमाम उल हक को टीम में शामिल किया गया है।
IND vs PAK: इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव।
पाकिस्तान: इमाम-उल-हक, बाबर आजम, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर/कप्तान), सलमान आगा, तैय्यब ताहिर, खुशदिल शाह, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ, अबरार अहमद
यह भी पढ़ें
IND vs PAK: टॉस हारते ही बन गया शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड, आंकड़े देख उड़ जाएंगे भारतीय फैंस के होश
भारत के खिलाफ मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया ने दिया पाकिस्तान को झटका, तोड़ा ये महारिकॉर्ड