WCL 2025 में 23 जुलाई को दिन का दूसरा मुकाबला इंडिया चैंपियंस और साउथ अफ्रीका चैंपियंस के बीच नॉटिंघम के ग्राउंड में खेला गया। बारिश से बाधित इस मैच में साउथ अफ्रीका की टीम ने 88 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। इस मैच में इंडिया चैंपियंस के कप्तान युवराज सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका चैंपियंस की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाने में कामयाब रही। जवाब में इंडिया चैंपियंस की टीम 18.2 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 111 रन ही बना सकी। यह इस टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका चैंपियंस की लगातार दूसरी जीत है।
साउथ अफ्रीका चैंपियंस के लिए एबी डिविलियर्स ने खेली शानदार पारी
इंडिया चैंपियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बैटिंग करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम को उनके सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला और जैक्स रूडोल्फ ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 4.2 ओवर में पहले विकेट के लिए 35 रन की पार्टनरशिप हुई। पीयूष चावला ने हाशिम आमला को आउट करके दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया। आमला ने 19 गेंद पर 22 रन बनाकर आउट हुए। रूडोल्फ ने 20 गेंद पर 24 रन बनाए। वह रन आउट हुए। एक वक्त दक्षिण अफ्रीका की पारी लड़खड़ाती हुई नजर आ रही थी। लेकिन अंत में कप्तान एबी डिविलियर्स ने 30 गेंद पर 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। वहीं जेजे स्मट्स ने 17 गेंद पर 30 रनों का योगदान दिया। विकेटकीपर मोर्ने वान विक ने 5 गेंद पर नाबाद 18 रन बनाए। उन्होंने 360 के स्ट्राइक रेट से रन बनाकर साउथ अफ्रीका चैंपियंस को 208 के स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी की बात करें तो भारत की तरफ से पीयूष चावला और युसूफ पठान ने 2-2 विकेट लिए।
इंडिया चैंपियंस के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हुए फ्लॉप
टारगेट का पीछा करने उतरी इंडिया चैंपियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन 1 रन बनाकर आउट हुए। उनके जोड़ीदार रोबिन उथप्पा 2 रन बनाकर चलते बने। नंबर 3 पर बैटिंग करने आए सुरेश रैना 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए। वहीं अंबाती रायुडू बिना खाता खोले पवेलियन लौट हुए। भारत को पांचवां झटका युसूफ पठान के रूप में लगा, वह 5 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद बारिश की वजह से खेल को रोकना पड़ा।
लगभग आधे घंटे के बाद खेल फिर से शुरू हुआ। लेकिन उसके बाद भी इंडिया चैंपियंस की टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल पाया। स्टुअर्ट बिन्नी टीम के टॉप रन स्कोरर रहे। वह 39 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए। इंडिया चैंपियंस की टीम 18,2 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाने में कामयाब रहे। अंत में उन्हें 88 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इंडिया चैंपियंस के कप्तान युवराज सिंह इस मैच में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।