2 बार की वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। वेस्टइंडीज की टीम अब सीधे ODI वर्ल्ड कप में जगह बनाने की स्थिति में नहीं है। 2027 वर्ल्ड कप में पहुंचने के लिए वेस्टइंडीज को एक बार फिर क्वालीफायर टूर्नामेंट की चुनौती से गुजरना होगा। यह लगातार तीसरी बार है जब कैरेबियाई टीम को वर्ल्ड कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए 30 सितंबर 2026 की ICC ODI रैंकिंग के आधार पर शीर्ष आठ टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी। हालांकि, मेजबान साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे इस कैलकुलेशन से अलग होंगे। अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में रोमांचक जीत दर्ज कर इस शीर्ष आठ में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस तरह ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को सीधे वर्ल्ड कप में जगह मिल गई है। मेजबान साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे भी टूर्नामेंट का हिस्सा होंगे।
वेस्टइंडीज फिलहाल ODI रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। उसके पास कटऑफ तारीख से पहले भारत के खिलाफ दो ODI मुकाबले खेलने का मौका जरूर है, लेकिन इन दोनों मैचों में जीत भी उसे सीधे क्वालीफिकेशन की दौड़ में वापस नहीं ला पाएगी। ऐसे में अब टीम को अगले साल फरवरी में होने वाले क्वालीफायर टूर्नामेंट में उतरना होगा।
2023 वर्ल्ड कप में भी नहीं मिली थी सीधे एंट्री
वेस्टइंडीज के लिए यह स्थिति नई नहीं है। 2023 ODI वर्ल्ड कप के लिए भी टीम सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाई थी और उसे क्वालीफायर खेलना पड़ा था। वहां कैरेबियाई टीम सुपर सिक्स चरण में पांचवें स्थान पर रही और वर्ल्ड कप में जगह बनाने से चूक गई। यह वेस्टइंडीज क्रिकेट के इतिहास में पहली बार था, जब टीम ODI वर्ल्ड कप में जगह नहीं बना सकी। इसका असर आगे भी देखने को मिला और टीम 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई। वेस्टइंडीज ने आखिरी बार 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लिया था।
क्वालीफायर में 10 टीमें लेंगी हिस्सा
2027 वर्ल्ड कप के क्वालीफायर में 30 सितंबर 2026 की रैंकिंग के आधार पर निचली दो गैर-मेजबान फुल मेंबर टीमें शामिल होंगी। फिलहाल आयरलैंड और वेस्टइंडीज इस कैटेगिरी में हैं। इनके अलावा क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 की शीर्ष चार टीमें और वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ से आने वाली चार टीमें टूर्नामेंट का हिस्सा बनेंगी।
क्वालीफायर के विजेता को मिलेगा दूसरे चरण का टिकट
क्वालीफायर प्लेऑफ में लीग-2 की निचली चार टीमें और चैलेंज लीग की चार टीमें भिड़ेंगी। आठ टीमों के इस प्लेऑफ से शीर्ष चार टीमें मुख्य क्वालीफायर में पहुंचेंगी। चैलेंज लीग में 12 टीमें दो ग्रुप में बांटी गई हैं। दोनों ग्रुप में 6-6 टीमें होंगी और पूरे चक्र में तीन राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट खेले जाएंगे। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वालीफायर प्लेऑफ में जगह बनाएंगी। क्वालीफायर का विजेता सीधे 2027 वर्ल्ड कप के दूसरे चरण में पहुंच जाएगा। वहीं दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को पहले चरण में सुपर सीरीज खेलनी होगी। इस सीरीज की शीर्ष टीम भी वर्ल्ड कप के दूसरे चरण में प्रवेश करेगी।
वेस्टइंडीज के लिए यह सिर्फ एक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट नहीं होगा, बल्कि अपनी खोई हुई पहचान वापस पाने की एक और बड़ी परीक्षा होगी। दो बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम लगातार तीसरी बार क्वालीफायर के जाल में फंस चुकी है और अब उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती वर्ल्ड कप का टिकट हासिल करने की होगी।
यह भी पढ़ें:
अफगानिस्तान ने ODI World Cup 2027 के लिए किया क्वालीफाई, रोमांचक मुकाबले में आयरलैंड को हराया
सौरव गांगुली और उनके परिवार को मिली जान से मारने की धमकी, लेटर में लिखा- 'तुम्हें खत्म कर देंगे'