आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज में वैभव सूर्यवंशी इंटरनेशनल डेब्यू करने से चूक गए, जिस पर कई लोगों ने हैरानी जताई। दरअसल, आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में चुने जाने के बाद से ही वैभव के इंटरनेशनल डेब्यू का बेसब्री से इंतजार हो रहा था। कई लोग उम्मीद जता रहे थे कि राजस्थान रॉयल्स का यह शानदार खिलाड़ी आयरलैंड की धरती पर भारत के लिए अपना पहला मैच खेलेगा। हालांकि, ऐसा संभव नहीं हो सका। आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैचों के दौरान वैभव बेंच पर बैठे नजर आए। इस दौरान टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ पहली बार करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। आयरलैंड ने दोनों मैच जीतकर 2-0 से सीरीज अपने नाम की।
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू में देरी
बेलफास्ट में खेले गए दोनों मुकाबलों में टीम इंडिया ने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी पर भरोसा जताया। हालांकि, ये सलामी जोड़ी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। ऐसे में कई लोगों का मानना है कि अगर प्लेइंग XI में वैभव सूर्यवंशी होते, तो शायद कुछ फर्क पड़ सकता था। हालांकि, आयरलैंड दौरे पर सिर्फ ओपनर्स ही नहीं, बल्कि पूरी भारतीय बैटिंग बुरी तरह नाकाम रही। आयरलैंड में करारी शिकस्त के बाद अब टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोइशे का बड़ा बयान सामने आया है। रयान टेन ने उस वजह का खुलासा किया किया, जिसके चलते उन्हें आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैचों में मौका नहीं मिला।
वैभव इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार
रयान ने कहा कि वैभव इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन संजू सैमसन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। 2026 T20 वर्ल्ड कप में हमारी जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। संजू ने IPL में भी अच्छा किया। इसलिए खिलाड़ियों का साथ देना और उन्हें लंबे समय तक खेलने का मौका देना जरूरी है। वैभव को भी बाकी लोगों की तरह अपने मौके का इंतजार करना होगा।
असिस्टेंट कोच के बयान से साफ हो गया कि वैभव को लेकर टीम मैनेजमेंट कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता है। अब टीम इंडिया की नजरें इंग्लैंड दौरे पर टिकी हैं, जिसका 1 जुलाई से आगाज होगा। इस दौरे पर सबसे पहले 5 मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी, जिसमें वैभव को मौका मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:
कब से शुरू होगी भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज, नोट कीजिए 5 मैचों का पूरा शेड्यूल