Highlights
- इंग्लैंड का दौरा पूरा करने के बाद भारतीय टीम पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंची
- शिखर धवन की कप्तानी में वेस्टइंडीज से तीन वन डे खेली टीम इंडिया
- बीसीसीआई ने सभी खिलाड़ियों को चार्टर्ड फ्लाइट से पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचाया
WI vs IND : भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज शुरू होने वाली है। भारतीय टीम पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंच चुकी है, जहां वन डे सीरीज का पहला मैच खेला जाना है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले तीन वन डे मैच खेले जाएंगे और उसके बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी। भारतीय टीम बुधवार को ही पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंची है। इस बीच खबर सामने आ रही है कि बीसीसीआई ने टीम इंडिया को वहां तक पहुंचाने के लिए करोड़ रुपये खर्च कर दिए। खास बात ये है कि सभी खिलाड़ी चार्टर्ड फ्लाइट से पोर्ट आफ स्पेन पहुंचे हैं, चार्टर्ड फ्लाइट का इंतजाम कोविड के कारण नहीं किया गया, बल्कि इसका कुछ और ही कारण है।
चार्टर्ड फ्लाइट से पहुंचे भारतीय खिलाड़ी, 3.5 करोड़ रुपये हुए खर्च
बीसीसीआई ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों को वेस्टइंडीज पहुंचाने के लिए करीब 3.5 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। सभी भारतीय खिलाड़ी चार्टर्ड फ्लाइट से वेस्टइंडीज पहुंचे हैं। टाइम्स आफ इंडिया की एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा किया गया है कि बीसीसीआई ने चार्टर्ड फ्लाइट पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए, जो टीम इंडिया को मंगलवार दोपहर मैनचेस्टर से पोर्ट ऑफ स्पेन (त्रिनिदाद और टोबैगो की राजधानी) में रात 11.30 बजे तक ले गई। टीम के लिए चार्टर्ड फ्लाइट बुक करने का कारण कोविड नहीं था। बताया जाता है कि एक व्यावसायिक उड़ान में इतने टिकट बुक करना मुश्किल है। टीम इंडिया में 16 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य शामिल हैं, जिनमें मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी शामिल हैं। इतना ही नहीं टीम के साथ कुछ खिलाड़ियों की पत्नियां भी गई हैं। इसलिए इनकी संख्या इतनी ज्यादा हो गई है। बताया जाता है कि एक व्यावसायिक उड़ान में यह खर्च लगभग 2 करोड़ रुपये का होगा। मैनचेस्टर से पोर्ट ऑफ स्पेन के लिए बिजनेस क्लास का टिकट करीब 2 लाख रुपये का होगा। एक चार्टर्ड उड़ान अधिक महंगी होती।
22 जुलाई को खेला जाएगा वन डे सीरीज का पहला मैच
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन वन डे मैचों की सीरीज का पहला मैच 22 जुलाई को खेला जाएगा। इसके बाद दो और मैच खेले जाने हैं। टीम इंडिया के कुछ सीनियरर खिलाड़ियों को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है, साथ ही शिखर धवन के हाथों में कमान सौंपी गई है। विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी रेस्ट कर रहे हैं। जब भारतीय टीम ने पोर्ट आफ स्पेन के लिए उड़ान भरी थी, तब खिलाड़ियों ने इसके फोटो और वीडियो अपने अपने सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किए थे। साथ ही जब भारतीय टीम पोर्ट आफ स्पेन पहुंची तो बीसीसीआई ने भी खिलाड़ियों के वहां पहुंचने का वीडियो शेयर किया था। टीम इंडिया अब आज से मैदान पर उतर कर प्रैक्टिस शुरू होगी, ताकि 22 जुलाई को होने वाले पहले मैच के लिए तैयार हो सके।