1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WPL: आरसीबी टूर्नामेंट से लगभग बाहर, यूपी के खिलाफ मिली सबसे शर्मनाक हार

WPL: आरसीबी टूर्नामेंट से लगभग बाहर, यूपी के खिलाफ मिली सबसे शर्मनाक हार

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Mar 10, 2023 10:59 pm IST,  Updated : Mar 10, 2023 10:59 pm IST

WPL में लगातार चौथी हार के बाद आरसीबी के रास्ते अब प्लेऑफ के लिए बंद होते नजर आ रहे।

WPL 2023- India TV Hindi
WPL 2023 Image Source : PTI

WPL: वुमेन प्रीमियर लीग के 8वें मुकाबले में आरसीबी के सामने यूपी वॉरियर्स की टीम थी। इस मैच में यूपी की टीम ने आरसीबी को 10 विकेट से करारी मात दी। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 138 रन बनाए। जवाब में यूपी की टीम ने सिर्फ 13 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए टारगेट चेज कर लिया। इस मैच में यूपी की कप्तान एलिसा हीली ने कमाल की पारी खेली।

यूपी ने आरसीबी को धोया

अनुभवी स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन और दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान एलिसा हीली की नाबाद 96 रन की आकर्षक पारी की मदद से यूपी वारियर्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में शुक्रवार को आरसीबी को 42 गेंद शेष रहते हुए 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। आरसीबी की यह लगातार चौथी हार है जिससे उसके आगे बढ़ने की संभावना को करारा झटका लगा है। वारियर्स ने तीन मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। 

एक्लेस्टोन की शानदार गेंदबाजी

बाएं हाथ की स्पिनर एक्लेस्टोन ने 13 रन देकर चार और ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए जिससे पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी आरसीबी की टीम 19.3 ओवर में 138 रन पर आउट हो गई गई। उसकी तरफ से एलिस पैरी ने 39 गेंदों पर 52 रन बनाए जिसमें 6 चौके और एक छक्का शामिल है। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज सोफी डिवाइन ने 24 गेंदों पर 36 रन का योगदान दिया। हीली ने 47 गेंदों पर 18 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 96 रन बनाए।

देविका वैद्य (31 गेंदों पर नाबाद 36 रन, पांच चौके) ने उनके सहयोगी की भूमिका बखूबी निभाई जिससे वारियर्स ने केवल 13 ओवर में बिना किसी नुकसान के 139 रन बनाकर मैच को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया। हीली ने शुरू से आक्रामक रवैया अपनाकर चौकों की झड़ी लगा दी। 

हीली ने आरसीबी को धोया

पावरप्ले के अंतिम ओवर में उन्होंने श्रेयंका पाटिल पर लगातार तीन चौके लगाए जिससे वारियर्स पहले छह ओवरों में बिना किसी नुकसान के 55 रन बनाने में सफल रहा। हीली ने 29 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर रेणुका सिंह के एक ओवर में लगातार चार चौके लगाए। इसके बाद उन्होंने एरिन बर्न्स पर पारी का पहला छक्का भी लगाया। उन्होंने पाटिल पर चौका जड़कर अपना स्कोर 95 और टीम का स्कोर आरसीबी के बराबरी पर पहुंचाया। उन्हें शतक पूरा करने के लिए छक्के की जरूरत थी लेकिन उन्होंने एक रन लेकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल