1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WTC चैंपियन अफ्रीका विजय रथ पर सवार, लगातार 9वां टेस्ट जीता, AUS के बाद अब इस टीम को बुरी तरह हराया

WTC चैंपियन अफ्रीका विजय रथ पर सवार, लगातार 9वां टेस्ट जीता, AUS के बाद अब इस टीम को बुरी तरह हराया

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 01, 2025 05:39 pm IST,  Updated : Jul 01, 2025 05:39 pm IST

साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेला गया पहला टेस्ट चौथे दिन समाप्त हो गया। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने 328 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

sa vs zim- India TV Hindi
साउथ अफ्रीका बनाम जिम्बाब्वे Image Source : @PROTEASMENCSA

SA vs ZIM, 1st Test: साउथ अफ्रीकी टीम इस समय शानदार फॉर्म में है। साउथ अफ्रीका ने हाल ही में फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। इस ऐतिहासिक जीत के बाद साउथ अफ्रीकी टीम ने एक और बड़ी जीत दर्ज कर ली है। टेम्बा वावुमा की कप्तानी वाली टीम ने अब बुलावायो में खेले गए पहले टेस्ट में मेजबान जिम्ब्बावे को हरा दिया है। साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में 369 रनों का स्कोर खड़ा करते हुए 537 रनों का टारगेट दिया था। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की दूसरी पारी महज 208 रनों पर सिमट गई। इस तरह अफ्रीकी टीम ने 328 रनों से बड़ी जीत दर्ज करते हुए लगातार 9वां टेस्ट मैच अपने नाम किया। इस तरह साउथ अफ्रीका ने टेस्ट क्रिकेट में अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

अफ्रीका इतिहास रचने की ओर अग्रसर

दरअसल, साउथ अफ्रीका का इससे पहले भी लगातार सबसे ज्यादा 9 टेस्ट मैच जीतने का रिकॉर्ड था। तब 15 मार्च 2002 से 1 मई 2003 के बीच 9 टेस्ट जीतने का कमाल किया था। अब टीम ने अपने इस बड़े कारनामे की बराबरी कर ली है। आपको जानकर हैरानी होगी कि साउथ अफ्रीका अगस्त 2024 के बाद से एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी है। अफ्रीकी टीम को आखिरी हार भारत के खिलाफ जनवरी 2024 में मिली थी। तब से ही टीम विजय रथ पर सवार है। अगर साउथ अफ्रीका जिम्बाब्वे को दूसरे टेस्ट मैच में भी हरा देती है, तो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में लगातार 10 या उससे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाली दुनिया की सिर्फ तीसरी टीम बन जाएगी। अब तक ये कारनामा सिर्फ ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की टीम ने ही किया है।

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमें

  • ऑस्ट्रेलिया - 16 (1999-2001)
  • ऑस्ट्रेलिया- 16 (2005-2008)
  • वेस्टइंडीज - 11 (30 मार्च 1984 - 7 दिसंबर 1984)
  • श्रीलंका- 9 (2001-2002)
  • साउथ अफ्रीका (2024-25*)

साउथ अफ्रीका ने दोनों पारियों में किया कमाल

बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी 418/9 रन के स्कोर पर घोषित की थी। इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 251 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे की ओर से सीन विलियम्स ने शतकीय पारी खेली। पहली पारी के आधार पर साउथ अफ्रीका की टीम 167 रनों की बढ़त हासिल करने में सफल रही। 

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल