1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WTC Final: आसान नहीं है साउथ अफ्रीका की राह, आईसीसी टूर्नामेंट में तीन बार हुई चूक

WTC Final: आसान नहीं है साउथ अफ्रीका की राह, आईसीसी टूर्नामेंट में तीन बार हुई चूक

 Published : Jun 09, 2025 12:18 pm IST,  Updated : Jun 09, 2025 12:18 pm IST

WTC Final: साउथ अफ्रीका के पास आईसीसी टूर्नामेंट जीतने का मौका है, लेकिन उसके सामने ऑस्ट्रेलियाई टीम दीवार बनकर खड़ी है।

Temba Bavuma- India TV Hindi
टेम्बा बावुमा Image Source : GETTY

World Test Championship Final 2025: अब वो वक्त करीब आ रहा है जब दुनिया को टेस्ट चैंपियन मिलेगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल 11 जून से लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, अब बस मुकाबले का इंतजार है। इस बार ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। साउथ अफ्रीका के पास आईसीसी टूर्नामेंट जीतने का मौका है, लेकिन उसके लिए ये राह इतनी भी आसान नहीं रहने वाली। 

आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट में ​साउथ अफ्रीका की हालत पतली

इसी महीने की 11 तारीख से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने सामने होने जा रही हैं। अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट में जब भी ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने सामने आई हैं, तो एक भी बार साउथ अफ्रीका की टीम जीत दर्ज करने में कामयाब नहीं हो पाई है। यानी साउथ अफ्रीका के लिए इस मैच को जीतकर खिताब अपने नाम करना आसान काम नहीं होगा। 

ऐतिहासिक था साल 1999 का विश्व कप सेमीफाइनल

साल 1999 में पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने सामने थीं। तब वनडे विश्व कप का सेमीफाइनल मुकाबला टाई पर खत्म हुआ था। हालांकि एक वक्त ये मैच साउथ अफ्रीका की टीम बड़ी आसानी से जीतती हुई दिख रही थी, लेकिन बाद में बाजी पलटी और मैच टाई पर खत्म हुआ। इसके बाद वनडे विश्व कप 2007 में फिर से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच सेमीफाइनल मैच हुआ, इस मुकाबले को ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट से अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की थी। 

साल 2023 के विश्व कप सेमीफाइनल में भी साउथ अफ्रीका को मिली हार

साल 2023 में फिर से ऐसा ही कुछ नजारा दिखाई दिया। वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने सामने आती हैं, लेकिन क​हानी वही रहती है। ऑस्ट्रेलियाई टीम तीन विकेट से इस मैच को जीतकर फाइनल में चली जाती है और साउथ अफ्रीका की टीम बाहर हो जाती है। यानी अब ये चौथा मौका होगा, जब आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट में दोनों टीमों के ​बीच भिड़ंत होगी। ये बात और है कि पहले जो मैच हुए, वो वनडे थे और सेमीफाइनल थे। लेकिन इस बार टेस्ट है और ये फाइनल मुकाबला है। देखना होगा कि क्या कुछ होता है, जब ये दोनों टीमें आपस में टकराएंगी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल