ENG vs ZIM: जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम इंग्लैंड पहुंच गई है। दोनों टीमों के बीच 22 मई से टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह 4 दिवसीय टेस्ट मैच होगा, जो नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा। इस मैच से पहले इंग्लैंड की परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने के लिए जिम्बाब्वे की टीम ने 10 मई को इंग्लैंड की सरजमीं पर कदम रखा। जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने वीडियो शेयर कर यह जानकारी दी। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने एक्स पर लिखा- इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट मैच से पहले जिम्बाब्वे की टीम अब UK पहुंच गई है। एक्स पर शेयर किए गए वीडियो में जिम्बाब्वे के टीम के खिलाड़ी एयरपोर्ट से होटल रवाना होते नजर आ रहे हैं।
जिम्बाब्वे और इंग्लैंड के बीच लगभग 22 साल बाद टेस्ट मैच खेला जाएगा। आखिरी बार दोनों टीमों का जून 2003 में टेस्ट मैच में आमना-सामना हुआ था। उस मैच में इंग्लैंड ने जिम्बाब्वे को पारी और 69 रनों से मात दी थी। यह जिम्बाब्वे का दूसरा चार दिवसीय टेस्ट मैच होगा। इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ गेकेबरहा में एक डे-नाइट चार दिवसीय टेस्ट मैच खेला था।
ENG vs ZIM एकमात्र टेस्ट मैच डिटेल्स
- तारीख: 22-25 मई 2025
- स्थान: ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम
- समय: भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से
- मैच फॉर्मेट: चार दिवसीय टेस्ट
इंग्लैंड दौरे के लिए जिम्बाब्वे की टेस्ट टीम: क्रेग एर्विन (कप्तान), ब्रायन बेनेट, बेन कुरेन, ट्रेवर ग्वांडू, क्लाइव मदांडे, वेस्ली मधेवेरे, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामहूरी, विक्टर न्याउची, सिकंदर रजा, तफदजवा त्सिगा, निकोलस वेल्च, सीन विलियम्स।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), गस एटकिंसन, शोएब बशीर, हैरी ब्रूक, सैम कुक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स, जेम्स रेव, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग।
इंग्लैंड का अगले महीने टीम इंडिया से सामना
जिम्बाब्वे के साथ टेस्ट मैच खेलने के बाद इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज की मेजबानी करेगी। दोनों टीमों के बीच 29 मई से 10 जून तक 3 मैचों की वनडे और इतने ही मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद इंग्लैंड की टीम भारतीय टीम के साथ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसका 20 जून से लीड्स में आगाज होगा।