1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल 2018
  4. सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज शिखर धवन आईपीएल में 4,000 रन बनाने वाले 8वें खिलाड़ी बने

सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज शिखर धवन आईपीएल में 4,000 रन बनाने वाले 8वें खिलाड़ी बने

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 25, 2018 07:42 pm IST,  Updated : May 25, 2018 07:42 pm IST

आज का मैच जीतने वाली टीम फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी।

शिखर धवन- India TV Hindi
शिखर धवन

आईपीएल 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच दूसरा क्वालीफायर मुकाबला खेला जा रहा है। मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज शिखर धवन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। दरअसल, धवन ने कोलकाता के खिलाफ आईपीएल करियर के 4,000 रन पूरे कर लिए। धवन ने चौका लगाकर इस कीर्तिमान को हासिल किया। धवन ने अपने 4,000 रन पूरे करने के लिए 142 मैच खेले। आईपीएल में 4,000 या इससे ज्यादा रन बनाने वाले धवन कुल 8वें खिलाड़ी बन गए हैं। धवन से पहले सुरेश रैना, विराट कोहली, रोहित शर्मा, गौतम गंभीर, रॉबिन उथप्पा, एम एस धोनी, डेविड वॉर्नर ने धवन से पहले 4,000 रन पूरे किए हैं।

आपको बता दें कि दोनों टीमों का इरादा इस मैच को जीतकर फाइनल में जगह बनाने का होगा। हैदराबाद की टीम ने इस मैच को जीतने के लिए अपनी टीम में एक बदलाव किया है और खलील अहमद को टीम में जगह दी है। डेब्यू करते ही अहमद के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई। दरअसल, अहमद आईपीएल प्लेऑफ में डेब्यू करने वाले कुल तीसरे खिलाड़ी हैं। अहमद से पहले नयन दोशी ने 2010 में डेक्कन चार्जर्स और सनी गुप्ता ने साल 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ प्लेऑफ में डेब्यू किया था। अब खलील ने भी प्लेऑफ में डेब्यू कर अपना नाम इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज करा लिया है।

मुकाबले में कोलकाता के कप्तान दिनेश कार्तिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कोलकाता की टीम लगातार 4 मैच जीत चुकी है और विजय रथ पर सवार है। वहीं, हैदराबाद की टीम लगातार 4 मुकाबले हार चुकी है और टीम का इरादा हार के सिलसिले को तोड़ने का होगा। कोलकाता की टीम अपने घर पर किस कदर खतरनाक है ये किसी से भी छिपा नहीं है। हैदराबाद की टीम को पहले क्वालीफायर में बेहद नजदीकी अंतर से हार का सामना करना पड़ा था और चेन्नई सुपर किंग्स के फैफ डू प्लेसी ने अकेले दम पर मैच हैदराबाद के जबड़े से छीन लिया था। अब हैदराबाद के पास फाइनल में पहुंचने का दूसरा मौका भी है। लेकिन टीम के लिए कोलकाता से पार पाना आसान नहीं होगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल