इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 37वें मुकाबले में भी मुंबई इंडियंस को हार झेलनी पड़ी है। पांच बार की चैंपियन टीम की इस सीजन में यह लगातार आठवीं हार है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी 5वीं जीत दर्ज की। लखनऊ ने मुंबई के खिलाफ इस सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। पिछला मुकाबला केएल राहुल की टीम ने 18 रनों से जीता था और इस मैच में टीम को 36 रनों से जीत मिली। मुंबई अभी भी पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर है और टीम का खाता नहीं खुला है।
दूसरी तरफ इस सीजन में पहली बार शामिल हुई लखनऊ सुपर जायंट्स ने 8 में से 5 मैच जीते हैं। पॉइंट्स टेबल में यह टीम अब 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने दोनों बार इस सीजन में मुंबई को हराने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने पिछले मैच और इस मैच दोनों में शतक जड़ा और 103-103 रनों की नाबाद पारी दोनों मौकों पर खेली।