1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. RR vs RCB, IPL 2022: राजस्थान के खिलाफ बटलर के बल्ले को खामोश रखने के लक्ष्य से उतरेगा RCB

RR vs RCB, IPL 2022: राजस्थान के खिलाफ बटलर के बल्ले को खामोश रखने के लक्ष्य से उतरेगा RCB

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 25, 2022 03:00 pm IST,  Updated : Apr 25, 2022 03:00 pm IST

RCB की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में जब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उतरेगी तो उसका लक्ष्य बेहतरीन फॉर्म में चल रहे जोस बटलर के बल्ले को खामोश रखकर विरोधी टीम पर दबाव डालना होगा। 

RR vs RCB- India TV Hindi
RR vs RCB Image Source : IPLT20.COM

पुणे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) की टीम मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में जब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उतरेगी तो उसका लक्ष्य बेहतरीन फॉर्म में चल रहे जोस बटलर के बल्ले को खामोश रखकर विरोधी टीम पर दबाव डालना होगा। लगातार दो मैच में पहली गेंद पर पवेलियन लौटने के बाद आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली पर भी सभी की नजरें होंगी। पिछले मैच में बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के बाद आरसीबी को उम्मीद होगी कि स्टार बल्लेबाज कोहली बड़ी पारी खेलेंगे और अन्य बल्लेबाज भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

बेंगलोर की टीम इस मुकाबले में पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नौ विकेट की करारी हार के बाद उतरेगी जबकि राजस्थान की टीम ने अपने पिछले दोनों मुकाबले जीते हैं और मौजूदा सत्र में बेहतरीन फॉर्म में चल रही है। सभी की नजरें कोहली पर होंगी लेकिन आरसीबी के पास कप्तान फाफ डु प्लेसी, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद जैसे बल्लेबाज भी हैं जो बड़े शॉट खेलने में सक्षम हैं और अगर ये सभी एकजुट होकर प्रदर्शन करते हैं तो राजस्थान के गेंदबाजों की राह आसान नहीं होने वाली। बेंगलोर की ओर से मौजूदा सत्र में अब तक सर्वाधिक रन बनाने वाले डु प्लेसी की फॉर्म में उतार चढ़ाव देखने को मिला है लेकिन वह टीम के बल्लेबाजी क्रम के अहम सदस्य हैं। कार्तिक भी बड़े शॉट खेलने की अपनी क्षमता के कारण फिनिशर की अपनी भूमिका अच्छी तरह निभा रहे हैं। राजस्थान के पास विविधता भरा गेंदबाजी आक्रमण है जिसकी अगुआई ट्रेंट बोल्ट कर रहे हैं। बोल्ट अतीत में अंदर आती गेंदों पर कोहली को परेशान करते रहे हैं।

प्रसिद्ध कृष्ण के अलावा रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी भी आरसीबी के बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है। चहल टूर्नामेंट में अब तक 18 विकेट चटका चुके हैं और अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। अश्विन भी अपने दिन किसी भी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने में सक्षम हैं। इसके अलावा ओबेद मैकॉय भी हैं जिससे राजस्थान का गेंदबाजी आक्रमण काफी संतुलित नजर आता है। राजस्थान के लिए सलामी बल्लेबाज जोस बटलर बेहतरीन फॉर्म में हैं और मौजूदा सत्र में पहले ही तीन शतक जड़ चुके हैं।

सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल और कप्तान संजू सैमसन भी बल्ले से योगदान दे रहे हैं जबकि शिमरोन हेटमायर ने भी कुछ आकर्षक पारियां खेली हैं। राजस्थान की टीम को उम्मीद होगी कि उनका बल्लेबाजी क्रम एक बार फिर उम्मीदों पर खरा उतरेगा। राजस्थान की बल्लेबाजी का कमजोर पक्ष हालांकि करूण नायर और रियान पराग हैं और इस जोड़ी को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। आरसीबी के पास हर्षल पटेल के रूप में डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने वाला सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज है लेकिन इस तेज गेंदबाज को मोहम्मद सिराज और जोश हेजलवुड से सहयोग की जरूरत है। श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा के चार ओवर भी आरसीबी के लिए काफी महत्वपूर्ण होंगे क्योंकि वह भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

टीम इस प्रकार हैं:

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद सिराज, फाफ डु प्लेसी, हर्षल पटेल, वानिंदु हसरंगा, दिनेश कार्तिक, जोश हेजलवुड, शाहबाज अहमद, अनुज रावत, आकाश दीप, महिपाल लोमरोर, फिन एलेन, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन बेहरेनडॉर्फ, सुयश प्रभुदेसाई, चामा मिलिंद, अनीश्वर गौतम, कर्ण शर्मा, डेविड विली, रजत पाटीदार और सिद्धार्थ कौल।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, शुभम गढ़वाल, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, कुलदीप सेन, तेजस बरोका, अनुनय सिंह, केसी करियप्पा, संजू सैमसन, जोस बटलर, रेसी वान डेर डुसेन, नाथन कूल्टर नाइल, जिमी नीशाम, डेरिल मिशेल, करुण नायर, ओबेद मैकॉय, नवदीप सैनी, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, शिमरोन हेटमायर, देवदत्त पडिक्कल, प्रसिद्ध कृष्णा और युजवेंद्र चहल। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल