1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. यूएसपीजीए की वापसी से पहले 25 गोल्फरों को दो सप्ताह के लिए होना पड़ेगा क्वारंटीन

यूएसपीजीए की वापसी से पहले 25 गोल्फरों को दो सप्ताह के लिए होना पड़ेगा क्वारंटीन

 Edited By: Bhasha
 Published : May 14, 2020 04:55 pm IST,  Updated : May 14, 2020 04:55 pm IST

यूएस पीजीए टूर अमेरिका से बाहर रह रहे खिलाड़ियों की वापसी में मदद कर रहा है लेकिन उन्हें 14 दिन तक क्वारंटीन पर रहना ही होगा।

quarantine, golfers, USPGA- India TV Hindi
USPGA Image Source : GETTY IMAGES

अमेरिका से बाहर रहने वाले गोल्फरों को अगले महीने से शुरू होने वाले यूएस पीजीए टूर में खेलने से पहले 14 दिन तक क्वारंटीन में रहना होगा। ब्रिटेन के मैथ्यू फिट्जपैट्रिक और टॉमी फ्लीटवुड तथा इटली के फ्रांसेस्को मोलिनारी उन 25 गोल्फरों में शामिल हैं जिन्हें जल्द से जल्द अमेरिका पहुंचना होगा क्योंकि यूएस पीजीए की 11 जून को टेक्सास के फोर्ट वॉर्थ में होने वाले चार्ल्स स्क्वाब चैलेंज से वापसी की योजना है। 

यूएस पीजीए टूर अमेरिका से बाहर रह रहे खिलाड़ियों की वापसी में मदद कर रहा है लेकिन उन्हें 14 दिन तक क्वारंटीन पर रहना ही होगा। टूर्नामेंट प्रशासन के उपाध्यक्ष एंडी लेविनसन ने कहा, ‘‘हम अमेरिका से बाहर रह रहे खिलाड़ियों और कैडीज की वापसी के लिये सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और हमें उनके सही समय पर यहां पहुंचने की उम्मीद है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘ हमें पूरी उम्मीद है कि हमारी प्रतियोगिता शुरू होने से काफी पहले हम उनकी वापसी सुनिश्चित करने में सफल रहेंगे। ’’ 

खिलाड़ियों की वापसी में मदद करने का मतलब यह नहीं होगा कि ये गोल्फर दो सप्ताह के पृथकवास से बच जाएंगे। यह कोरोना वायरस महामारी से बचाव का एक उपाय है। इस महामारी के कारण यूएस पीजीए टूर सहित अधिकतर खेल प्रतियोगिताएं मार्च से ही ठप्प पड़ी हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल