1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. अपने दिल के लिए भारत आना चाहता है पाकिस्तान को वर्ल्ड कप जिताने वाला ये खिलाड़ी लेकिन...

अपने दिल के लिए भारत आना चाहता है पाकिस्तान को वर्ल्ड कप जिताने वाला ये खिलाड़ी लेकिन...

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 24, 2018 04:28 pm IST,  Updated : Apr 24, 2018 04:28 pm IST

यूट्यूब पर जारी एक वीडियो में इस खिलाड़ी ने कहा, "आज मुझे एक दिल की जरूरत है और इसके लिए मुझे भारतीय सरकार के समर्थन की जरूरत है।"

मंसूर अहमद और शाहिद...- India TV Hindi
मंसूर अहमद और शाहिद अफरीदी

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज हॉकी खिलाड़ी मंसूर अहमद हृदय प्रत्यारोपण के लिए भारत आना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने भारत सरकार से वीजा देने की अपील की है। पाकिस्तान में हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार 49 वर्षीय अहमद को दिल में पेसमेकर से पैदा हुई समस्याओं के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में वह हृदय प्रत्यारोपण के लिए भारत आना चाह रहे हैं।

मंसूर ने यूट्यूब पर जारी एक वीडियो में कहा, "आज मुझे एक दिल की जरूरत है और इसके लिए मुझे भारतीय सरकार के समर्थन की जरूरत है।"पाकिस्तान की हॉकी टीम के गोलकीपर रहे मंसूर ने 300 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में अपनी राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। 

संबंधों में तनाव के बावजूद पाकिस्तानी नागरिक मेडिकल वीजा के लिए भारत से अपील कर सकते हैं। मंसूर ने समाचार चैनल स्पोर्ट्स तक से कहा, "मैंने जब एक युवा खिलाड़ी के रूप में हॉकी खेली थी, तो मैंने कई भारतीयों का दिल तोड़ा (टीम को हराकर) था।" चैनल ने उनका वीडियो यूट्यूब पर डाला है। 

मंसूर ने इसके बाद सीधे भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से वीजे के लिए अपील की और उन्हें जल्द से जल्द वीजा देने का आग्रह किया। साल 1992 ओलम्पिक खेलों में मंसूर ने पाकिस्तान की हॉकी टीम के साथ कांस्य पदक जीता था। इसके आलावा, वह सिडनी में 1994 में हुए विश्व कप को जीतने वाली पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थे। 

मंसूर ने कहा कि वह भारत आना चाहते हैं, जहां उन्होंने कई मैच खेले और जीते हैं। इसके अलावा, वह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान धनराज पिल्लै से भी मिलना चाहते हैं, जिनके खिलाफ वह हॉकी मैदान पर उतरे थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल