1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियन गेम्स 2018 (बैडमिंटन): सायना नेहवाल ने महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

एशियन गेम्स 2018 (बैडमिंटन): सायना नेहवाल ने महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Aug 23, 2018 02:49 pm IST,  Updated : Aug 23, 2018 02:49 pm IST

सायना ने महिला एकल वर्ग के अंतिम-32 दौर में ईरान की बैडमिंटन खिलाड़ी सुरैया को सीधे गेमों में 2-0 से मात दी।

सायना नेहवाल- India TV Hindi
सायना नेहवाल Image Source : GETTY IMAGES

भारत की स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने अच्छा प्रदर्शन कर 18वें एशियाई खेलों में महिला एकल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। सायना ने महिला एकल वर्ग के अंतिम-32 दौर में ईरान की बैडमिंटन खिलाड़ी सुरैया को सीधे गेमों में 2-0 से मात दी। लंदन ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता सायना ने ईरान की खिलाड़ी को सीधे गेमों में 21-7, 21-9 से मात दी और अंतिम-16 दौर में कदम रखा। 

वहीं, भारत के एक और स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधू ने भी महिला एकल स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अपने अभियान की अच्छी शुरुआत कर भारतीय खिलाड़ी सिंधु ने अंतिम-32 दौर के मुकाबले में वियतनाम की थी रांग वु को तीन गेमों के मुकाबले में 2-1 से हराया। सिंधु ने 58 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में रांग को 21-10, 12-21, 23-21 से मात दी। 

सिंधु ने पहले गेम में अच्छी शुरुआत की और वियतनाम की खिलाड़ी पर दबाव बनाते हुए इसे 21-10 से जीत लिया। वियतनाम की रांग ने दूसरे गेम में अपनी लय में वापसी की और सिंधु पर हावी होते हुए स्कोर 6-6 से बराबर किया। सिंधु की गलतियों का फायदा उठाते हुए अटैक करते हुए रांग ने दूसरे गेम में 21-12 से जीत हासिल की। दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरा गेम रोमांचक रहा। सिंधु और रांग एक-दूसरे को बराबरी की टक्कर दे रही थी और ऐसे में उनका स्कोर आगे-पीछे चल रहा था। हालांकि, किसी तरह भारतीय खिलाड़ी रांग पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही थीं। 

यहां सिंधु ने अच्छे अंक लेकर वियतनाम की खिलाड़ी के खिलाफ 18-15 की बढ़त बनाई। रांग भी पीछे नहीं हटना चाहती थीं और उन्होंने दो अंक लेकर सिंधु के खिलाफ 18-18 से बराबरी कर ली। दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबरी का ये खेल बेहद रोमांचक हो चला था और दोनों का स्कोर 21-21 से बराबर था। यहां सिंधु ने तेजी दिखाकर अटैक करते हुए दो अंक लेकर तीसरा गेम 23-21 से अपने नाम कर अंतिम-16 में प्रवेश किया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल