1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Asian Para Games Day 3: एशियाई पैरा खेलों में भारत के तीन स्वर्ण सहित 11 पदक

Asian Para Games Day 3: एशियाई पैरा खेलों में भारत के तीन स्वर्ण सहित 11 पदक

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 09, 2018 08:49 pm IST,  Updated : Oct 09, 2018 08:49 pm IST

एशियाई पैरा खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने मंगलवार को तीन स्वर्ण सहित 11 पदक हासिल किये जिससे तालिका में भारत आठवें स्थान पर बना हुआ है।

Asian Para Games Day 3- India TV Hindi
Asian Para Games Day 3 Image Source : TWITTER

जकार्ता। एशियाई पैरा खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने मंगलवार को तीन स्वर्ण सहित 11 पदक हासिल किये जिससे तालिका में भारत आठवें स्थान पर बना हुआ है। एकता भयान और नारायण ठाकुर ने क्रमश: महिलाओं की क्लब थ्रो स्पर्धा और पुरूषों के 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पहले पैरा निशानेबाज मनीष नरवाल ने पुरूषों के 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में देश को पीला तमगा दिलाया। 

भयान ने चौथे प्रयास में 16.02 मीटर का थ्रो लगाया। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात की अलकाबी ठेकरा को हराकर एफ 32.51 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। एफ 32.51 खिलाड़ियों में हाथ की विकृति से संबंधित है। भयान ने इस साल इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भी पीला तमगा जीता था। 

ठाकुर ने टी35 सौ मीटर दौड़ वर्ग में 14.02 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। टी 35 वर्ग में कॉऑर्डनेशन में कमी (हाइपरटोनिया, एटैक्सिया और एथेटोसिस) वाले खिलाड़ी आते है। ठाकुर इस महीने की 17 तारीख को अपना 17वां जन्मदिन मनाएंगे। सुरेन्द्र अनीष कुमार ने पुरुषों के चक्का फेंक (एफ 43.44, एफ 62.64), राम पाल ने पुरुषों के ऊंची कूद (टी 45.46.47) और विरेन्द्र ने पुरुषों के गोला फेंक (एफ 56.57) में देश के लिए रजत पदक हासिल किया। 

भारत को जयंती बहेडा, आनंदन गुणशेखरन मोनू घंगास, सरदार सिंह गुर्जर और प्रदीप ने भी पांच कांस्य पदक दिलाये। घंगास पुरूषों के शाटपुट में तीसरे स्थान पर रहे। वहीं गुणशेखरन ने पुरूषों के 200 मीटर टी44.62.64 में कांसे का तमगा जीता। बहेडा ने महिलाओं की 200 मीटर टी45 . 46 . 47 स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया। गुर्जर ने चक्का फेंक एफ 46 में कांस्य पदक हासिल किया। 

भारत अभी तक छह स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य सहित कुल 28 पदक जीत चुका है। इसमें से 15 (चार स्वर्ण, पांच रजत और छह कांस्य) पदक पैरा-एथलेटिक्स में आये है। तालिका में चीन 73 स्वर्ण, 32 रजत और 29 कांस्य के साथ शीर्ष पर है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल