1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप : प्रणॉय-प्रणीत प्री-क्वार्टर फाइनल में

बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप : प्रणॉय-प्रणीत प्री-क्वार्टर फाइनल में

 Reported By: IANS
 Published : Aug 21, 2019 08:22 am IST,  Updated : Aug 21, 2019 08:22 am IST

भारत के एचएस प्रणॉय और बी.साई प्रणीत ने मंगलवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप-2019 के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

Badminton World Championship HS Prannoy-Praneeth in pre-quarter finals- India TV Hindi
Badminton World Championship HS Prannoy-Praneeth in pre-quarter finals Image Source : GETTY IMAGES

बासेल। भारत के एचएस प्रणॉय और बी.साई प्रणीत ने मंगलवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप-2019 के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। विश्व रैंकिंग में 30वें नंबर के खिलाड़ी प्रणॉय ने दो बार के ओलम्पिक चैम्पियन और पांच बार के विश्व चैंपियन चीन के लिन डेन को 21-11, 13-21, 21-7 से पराजित किया। प्रणॉय ने इस मुकाबले को एक घंटे दो मिनट में जीता। 

इस जीत के साथ प्रणॉय ने वल्र्ड नंबर-17 डेन के खिलाफ अपना करियर रिकार्ड 3-2 का कर लिया है। प्रणॉय पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने डेन को तीन बार हराया है। 

प्रणॉय ने मैच में धमाकेदार शुरुआत करते हुए पहले गेम से ही अपनी पकड़ मजबूत रखी। उन्होंने पहले तो 8-3 और फिर 12-5 की बढ़त बना ली। प्रणॉय ने फिर 16-9 की बढ़त बनाने के बाद 21-11 से पहला गेम अपने नाम कर लिया। 

डेन ने हालांकि दूसरे गेम में अच्छी वापसी की। एक समय स्कोर 5-5 से बराबरी रहने के बाद डेन ने पहले तो 10-7 और फिर 14-9 की बढ़त कायम कर ली। चीनी खिलाड़ी ने इसके बाद 17-11 की बढ़त बनाने के बाद 21-13 से दूसरा गेम जीतकर मैच को रोमांचक बना दिया। 

तीसरे गेम में प्रणॉय ने शुरुआत में ही 4-1 की बढ़त बनाई जिसे थोड़ी देर बाद उन्होंने एक 10-5 तक पहुंचा दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार अंक लेते हुए 19-7 की शानदार बढ़त बना ली और फिर 21-7 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया। 

प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रणॉय के सामने टॉप सीड जापान के केंटो मोमोटा की चुनौती होगी। वल्र्ड नंबर-1 मोमोटा के खिलाफ प्रणॉय करियर के पिछले चार मुकाबलों में एक बार भी जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं। ऐसे में यह मैच काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। 

वहीं 16वें सीड खिलाड़ी प्रणीत ने दूसरे दौर के मुकाबले में कोरिया के ली डोंग कीयून को 21-16, 21-15 से मात दी। प्रणीत ने 56 मिनट में यह मुकाबला जीता। 

वल्र्ड नंबर-19 प्रणीत ने इसके साथ ही वल्र्ड नंबर-39 कीयून के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 3-2 का कर लिया है। 

प्रणीत पहले गेम में शुरुआत में 8-10 से पीछे थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने 12-12 की बराबर से स्कोर बराबर किया और फिर 17-14 की बढ़त बना ली। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद 21-16 से पहला गेम जीत लिया। 

दूसरे गेम में प्रणीत ने अच्छी शुरुआत करते हुए 6-3 की बढ़त बनाने के बाद इसे 11-7 तक पहुंचा दिया। हालांकि कीयून ने वापसी करते हुए स्कोर 11-11 कर दिया। 

प्रणीत ने फिर 15-12 की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय खिलाड़ी ने यहां से लगातार अंक लेते हुए 21-15 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया। अगले दौर में प्रणीत इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका गिनटिंग और इंग्लैंड को टोबी पेंटी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे। 

इस बीच, भारत की शीर्ष महिला युगल जोड़ीदार अश्विनी पोनप्पा और एन. सिक्की रेड्डी को पहले दौर में बाई मिल गया है। पोनप्पा और रेड्डी को अपने पहले मैच में चीनी ताइपे की चिंग हुई चांग और चिंत तुन यांग से भिड़ना था लेकिन ये दोनों खिलाड़ी कोर्ट पर नहीं उतर सकीं और इस तरह भारतीयों को बिना खेले ही दूसरे दौर में प्रवेश मिल गया।

दूसरे दौर में पोनप्पा और रेड्डी की जोड़ी को सातवीं सीड चीन की डु यूई ली यिन हुई की जोड़ी के खिलाफ कोर्ट पर उतरना है। 

वहीं पुरुष युगल में बी. सुमित रेड्डी और मनु अत्री की जोड़ी ने अपने पहले दौर में जीत हासिल कर ली है। भारतीय जोड़ी ने फ्रांस के थोम गिक्यूएल और रोनन लाबर की जोड़ी को 26 मिनट में 21-13, 21-13 से शिकस्त दी। दूसरे दौर में भारतीय जोड़ी का सामना छठी सीड चीन के हेन चेंग केई और झोउ हाओ डोंगी की जोड़ी से होगा। 

पुरुष युगल के एक और मुकाबले में अरुण जॉर्ज और संयम शुकला की जोड़ी को जापान के टाकुतो इनोउ और यूकी कानेको की जोड़ी के हाथों 18-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा। 

इसी वर्ग में एम.आर. अर्जुन और रामचंद्रन श्लोक की जोड़ी ने स्विट्जरलैंड के तोबलास कुएंजी और ओलीवर श्कालर को 21-14, 21-16 से मात दे अगले दौर में प्रवेश किया। 

वहीं, महिला युगल में पूजा डांडु और संजना संतोष की जोड़ी को चीनी ताइपे की सु या चिंग और हु लिंग फेंग की जोड़ी से 15-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल