1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. राष्ट्रमंडल खेल: 198 पदकों के साथ आस्ट्रेलिया टॉप पर, भारत रहा तीसरा

राष्ट्रमंडल खेल: 198 पदकों के साथ आस्ट्रेलिया टॉप पर, भारत रहा तीसरा

 Reported By: IANS
 Published : Apr 15, 2018 01:35 pm IST,  Updated : Apr 15, 2018 01:35 pm IST

मेजबान आस्ट्रेलिया 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 198 पदकों के साथ पदक तालिका में टॉप पर रहा। उसने 80 स्वर्ण पदक जीते। इंग्लैंड ने 136 पदकों के साथ दूसरा और भारत ने 66 पदकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। 

CWG 2018, India- India TV Hindi
CWG 2018, India

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया): मेजबान आस्ट्रेलिया 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 198 पदकों के साथ पदक तालिका में टॉप पर रहा। उसने 80 स्वर्ण पदक जीते। इंग्लैंड ने 136 पदकों के साथ दूसरा और भारत ने 66 पदकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 71 देशों और टेरेटरीज ने हिस्सा लिया, जिनमें से 43 के हिस्से पदक आए। आस्ट्रेलिया ने 80 स्वर्ण के अलावा 59 रजत और इतने ही कांस्य पदक जीते।

इंग्लैंड ने 45 स्वर्ण, इतने ही रजत और 46 कांस्य पदक जीते। भारत ने बेशक चौथे स्थान पर रहे कनाडा (82 पदक) से कम पदक जीते लेकिन उसके स्वर्ण पदकों की संख्या कनाडा से अधिक रही। कनाडा ने 15 स्वर्ण जीते जबकि भारत के नाम 26 स्वर्ण रहे।

भारत ने 20 रजत और इतने ही कांस्य भी जीते जबकि कनाडा के नाम 40 रजत और 27 कांस्य रहे। न्यूजीलैंड ने 15 स्वर्ण, 16 रजत और 15 कांस्य के साथ कुल 46 पदकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

दक्षिण अफ्रीका ने 37 पदक (13 स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य) जीते जबकि वेल्स ने 36 पदक (10 स्वर्ण, 12 रजत और 14 कांस्य) जीते। स्कॉटलैंड और नाइजीरिया के नाम नौ-नौ स्वर्ण रहे। 

भारत की बात की जाए तो उसने ग्लासगो में 15 स्वर्ण जीते थे लेकिन इस बार वह उस संख्या को पार करने में सफल रहा। हालांकि 2010 में अपनी मेजबानी में हुए 19वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने 38 स्वर्ण सहित कुल 101 पदक जीते थे, जो इन खेलों में उसका अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है।

21वें राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन आस्ट्रेलिया के पश्चिमी शहर गोल्ड कोस्ट में 4 से 15 अप्रैल के बीच हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल