1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. CWG 2018: दीपक लाठेर ने वेटलिफ्टिंग में जीता कांस्य, भारत को मिला चौथा मेडल

CWG 2018: दीपक लाठेर ने वेटलिफ्टिंग में जीता कांस्य, भारत को मिला चौथा मेडल

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 06, 2018 02:03 pm IST,  Updated : Apr 06, 2018 02:03 pm IST

दीपक लाठेर ने 69 कि.ग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीत कर राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पदक जीतने वाले सबसे युवा वेटलिफ्टर बन गए। 

दीपक लाठेर- India TV Hindi
दीपक लाठेर

भारत के युवा वेटलिफ्टर दीपक लाठेर ने 69 कि.ग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीत कर राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पदक जीतने वाले सबसे युवा वेटलिफ्टर बन गए। राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण कर रहे हरियाणा के 18 साल के लाठेर कुल 295 कि.ग्रा (136 किग्रा+159 किग्रा) का भार उठाकर तीसरे स्थान पर रहे। उनके करीबी प्रतिद्वंदी वैपावा लोअने अंतिम दो भार नहीं उठा सके जिससे उनका कुल भार 292 कि.ग्रा ही रह गया। 

इस स्पर्धा का स्वर्ण वेल्स के गारेथ ईवांस (299 किग्रा) और रजत श्रीलंका के इंदिका दिस्सानायके (297 किग्रा) के नाम रहा। लाठेर के नाम सबसे कम उम्र में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले में भी शामिल हैं। उन्होंने 15 साल की उम्र में 62 किग्रा वर्ग में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। सैन्य खेल संस्थान में चालक का प्रशिक्षण ले रहे लाठेर की प्रतिभा देख कोचों ने उन्हें वेटलिफ्टिंग में हाथ आजमाने की सलाह दी थी। 

इससे पहले वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू (48 कि.ग्रा) और संजीता चानू (53 कि.ग्रा) ने महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता तो वहीं पी गुरुराजा ने 56 किग्रा पुरुष वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। भारतीय वेटलिफ्टरों ने इन खेलों में अब तक चार पदक जीते हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल