1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. डेनमार्क ओपन: पहले दौर में जीते समीर और साइना नेहवाल, सिंधु हारकर बाहर

डेनमार्क ओपन: पहले दौर में जीते समीर और साइना नेहवाल, सिंधु हारकर बाहर

 Reported By: IANS
 Published : Oct 16, 2018 11:58 pm IST,  Updated : Oct 16, 2018 11:58 pm IST

डेनमार्क ओपन का पहला दिन मंगलवार भारत के लिए मिलीजुली सफलता लेकर आया। रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता पी.वी. सिंधु पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गईं, जबकि सायना नेहवाल को जीत मिली।

साइना नेहवाल- India TV Hindi
साइना नेहवाल Image Source : GETTY IMAGES

ओडेंसे (डेनमार्क)। डेनमार्क ओपन का पहला दिन मंगलवार भारत के लिए मिलीजुली सफलता लेकर आया। रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता पी.वी. सिंधु पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गईं, जबकि सायना नेहवाल को जीत मिली। पुरुष युगल में समीर वर्मा विजयी आगाज करने में सफल रहे, लेकिन मिश्रित युगल में अश्विनी पोनप्पा और सात्विकसाइराज रैंकीरेड्डी की जोड़ी को हार मिली। 

सायना ने महिला एकल के पहले दौर के मैच में हांगकांग की चेयुंग नगान यी को कड़े संघर्ष के बाद 20-22, 21-17, 24-22 से मात दी। भारतीय खिलाड़ी ने एक घंटे 21 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में फतह हासिल कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। 

वर्ल्ड नंबर-11 सायना ने इस जीत के बाद चेयुंग नगान यी के खिलाफ अब अपना करियर रिकॉर्ड 2-1 का कर लिया है। प्री-क्वार्टर फाइनल में सायना का सामना दूसरी सीड जापान की अकाने यामागुची से होगा जिनके खिलाफ भारतीय खिलाड़ी का करियर रिकॉर्ड 1-6 का है। यामागुची ने पहले दौर के मुकाबले में स्पेन की बीट्रिज कोरेल्स को 21-18 15-21 16-21 से हराया।

सायना ने पहला गेम 20-22 से हारने के बाद दूसरे गेम में शानदार वापसी की और 21-17 से गेम जीत लिया। तीसरा गेम दोनों खिलाड़ियों के बीच काफी रोमांचक रहा। 

तीसरे गेम में सायना ने 4-2 की बढ़त के साथ शुरुआत की, लेकिन यी ने एक समय 17-17 की बराबरी हासिल कर ली थी। भारतीय खिलाड़ी फिर 21-22 से पीछे हो गई। लेकिन इसके बाद उन्होंने पहले तो 22-22 से बराबरी की और फिर 24-22 से गेम तथा मैच अपने नाम कर लिया। 

टूर्नामेंट में तीसरी सीड सिंधु को महिला एकल के पहले दौर में अमेरिका की बीवन झांग ने 56 मिनट में 21-17 16-21 21-18 से पराजित किया। 

इस जीत के बाद अमेरिकी खिलाड़ी ने सिंधु के खिलाफ अब अपना करियर रिकॉर्ड 3-2 का कर लिया है। भारतीय खिलाड़ी ने पहला गेम 17-21 से हारने के बाद दूसरे गेम में अच्छी वापसी की। सिंधु ने दूसरा गेम 21-16 से अपने नाम किया। हालांकि तीसरे गेम में सिंधु अपनी लय कायम नहीं रख पाईं और 18-21 से गेम तथा मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। 

समीर ने पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर में शी यूकी को कड़े मुकाबले में 21-17,21-18 से मात दी। यह मैच 44 मिनट तक चला। दूसरे दौर में समीर का सामना इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी से होगा जिन्होंने हांगकांग के वोंग विंग कीविसेंट को 17-21, 21-18, 21-13 से मात देकर पहले दौर की बाधा पार की। अश्विनी और सात्विक की जोड़ी को मिश्रित युगल वर्ग के पहले दौर के मैच में दक्षिण कोरिया के जाए सेयुंग और युजुंग चाए की जोड़ी ने 21-17,21-18 से मात दी। दक्षिण कोरियाई जोड़ी को मैच जीतने में 35 मिनट का समय लगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल