1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. फ्रेंच ओपन : जोकोविक को हराकर थीम फाइनल में, लगातार दूसरी बार नडाल से भिड़ेंगे

फ्रेंच ओपन : जोकोविक को हराकर थीम फाइनल में, लगातार दूसरी बार नडाल से भिड़ेंगे

 Reported By: IANS
 Published : Jun 08, 2019 08:02 pm IST,  Updated : Jun 08, 2019 08:02 pm IST

फाइनल में थीम का सामना स्पेन के राफेल नडाल से होगा। पिछले साल भी इन दोनों खिलाड़ियों के बीच ही फाइनल मुकाबला खेला गया था जिसमें स्पेनिश दिग्गज ने बाजी मारी थी। 

डोमिनिक थीम और नोवाक जोकोविक- India TV Hindi
डोमिनिक थीम और नोवाक जोकोविक Image Source : GETTY IMAGES

पेरिस। ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थीम ने शनिवार को एक कड़े मुकाबले में वर्ल्ड नंबर-1 नोवाक जोकोविक को मात देकर यहां जारी साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के फाइनल में जगह बनाई। थीम ने पांच सेट तक चले एक रोमांचक मैच में सर्बियाई खिलाड़ी को 6-2, 3-6, 7-5, 5-7, 7-5 से मात दी। यह मैच चार घंटे और 13 मिनट तक चला।

फाइनल में थीम का सामना स्पेन के राफेल नडाल से होगा। पिछले साल भी इन दोनों खिलाड़ियों के बीच ही फाइनल मुकाबला खेला गया था जिसमें स्पेनिश दिग्गज ने बाजी मारी थी। नडाल ने सेमीफाइनल में स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को हराया था। दोनों खिलाड़ियों को बीच सेमीफाइनल मैच शुक्रवार को शुरू हुआ था। खराब मौसम के कारण मैच रोकना पड़ा था। मुकाबला शनिवार को पूरा किया गया। 

पहले गेम से ही दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले सेट में जोकोविक की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन थीम ने जल्द ही अपने खेल को बेहतर किया और बढ़त बना ली। 

थीम दूसरे सेट में अपने दमदार प्रदर्शन को जारी नहीं रख पाए। एक समय सेट 3-3 से बराबर था। इसके बाद, जोकोविक ने दमदार ग्राउंडस्ट्रोक्स के दम पर मैच को बराबरी पर ला खड़ा किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरे सेट में कड़ी टक्कर हई, लेकिन अंत में बाजी थीम ने मारी। चौथा सेट भी कुछ ऐसा ही रहा और इस बार जोकोविक ने जीत दर्ज करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। 

पांचवें और निर्णायक सेट में एक समय ऐसा लगा कि मुकाबला टाई-ब्रेकर में जाएगा लेकिन सर्बियाई खिलाड़ी गेम नहीं जीत पाए और टूर्नामेंट से बाहर हो गए। वर्ल्ड नंबर-4 थीम ने अबतक एक भी ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीता है। उन्होंने जोकोविक के खिलाफ कुल 52 दमदार विनर्स दागे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल