1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियाई खेल (निशानेबाजी): हिना ने जीता 10 मीटर एयर पिस्टल का ब्रॉन्ज

एशियाई खेल (निशानेबाजी): हिना ने जीता 10 मीटर एयर पिस्टल का ब्रॉन्ज

 Reported By: IANS
 Published : Aug 24, 2018 12:30 pm IST,  Updated : Aug 24, 2018 04:12 pm IST

राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता हिना ने फाइनल में 219.2 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

 हिना सिद्धू- India TV Hindi
 हिना सिद्धू

जकार्ता: ​भारतीय महिला निशानेबाज हिना सिद्धू ने शुक्रवार को छठे दिन 18वें एशियाई खेलों में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में शामिल एक अन्य निशानेबाज मनु भाकर खाली हाथ रह गईं। उन्होंने फाइनल में पांचवां स्थान हासिल किया। हिना ने 219.2 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। वहीं मनु 176.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। 

इस स्पर्धा के फाइनल में स्टेज-1 के बाद मनु 106.7 अंकों के साथ पांचवें और हीना 106.5 अंकों के साथ सातवें स्थान पर थीं। ऐसे में दो-दो निशानों के बाद खिलाड़ियों का एलिमिनेशन स्तर शुरु हुआ। 12 निशानों के बाद हिना 117.1 एंकों के साथ चौथे स्थान पर आ गईं और मनु 116.3 अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गईं। 

मनु ने दो और निशाने लगाने के बाद 147.0 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं और हिना ने अच्छा प्रदर्शन कर 148.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया। भारतीय किशोर निशानेबाज मनु 18 निशानों के बाद पांचवें स्थान पर रहकर स्पर्धा से बाहर हो गईं। हीना ने 178.3 अंकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया और वह अब भी पदक की दौड़ में शामिल थीं। 

राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता सिद्धू ने 20 निशानों के बाद 198.8 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। हालांकि, वह इससे आगे नहीं बढ़ पाईं और 22 निशानों के बाद तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक के साथ स्पर्धा से बाहर हो गईं। 

क्वालिफिकेशन में हिना को 571 अंकों के साथ सातवां स्थान हासिल हुआ था, वहीं मनु 574 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर थीं। 

एशियाई खेलों में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में हिना का यह पहला कांस्य पदक है। उन्होंने इससे पहले 2010 में टीम स्पर्धा में रजत और 2014 में 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल