1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. आईएसएल 5 : 10 मैचों के बाद भी नहीं खुल सका दिल्ली का खाता

आईएसएल 5 : 10 मैचों के बाद भी नहीं खुल सका दिल्ली का खाता

 Reported By: IANS
 Published : Dec 03, 2018 10:56 pm IST,  Updated : Dec 03, 2018 11:26 pm IST

दिल्ली डायनामोज का हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में 10 मुकाबलों के बाद भी जीत का खाता नहीं खुल सका।

Delhi Dynamos- India TV Hindi
आईएसएल 5 : 10 मैचों के बाद भी नहीं खुल सका दिल्ली का खाता   Image Source : TWITTER: @DELHIDYNAMOS

नई दिल्ली। दिल्ली डायनामोज का हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में 10 मुकाबलों के बाद भी जीत का खाता नहीं खुल सका। 10 टीमों की तालिका में सबसे नीचे चल रही दिल्ली की टीम को सोमवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुम्बई सिटी एफसी के हाथों 2-4 से हार मिली। इस सीजन में मुम्बई की यह पांचवीं जीत है। नौ मैचों से 17 अंक लेकर मुम्बई की टीम तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। दिल्ली के चार अंक हैं और वह फिसड्डी है। दिल्ली की यह इस सीजन की छठी हार है। इस सीजन में मुम्बई के हाथों दिल्ली की यह दूसरी हार है। अक्टूबर में अपने घर में मुम्बई ने दिल्ली को 2-0 से हराया था।

बीते नौ मैचों में जीत से महरूम दिल्ली ने तीसरे मिनट में मुम्बई के शौवीक चक्रवर्ती किए गए आत्मघाती गोल की मदद से बढ़त हासिल कर ली। इस गोल में एड्रिया कोर्मोना, मार्कोस तेबार और लालियानजुआला चांग्ते की अहम भूमिका रही। चक्रवर्ती ने गोल बचाने के प्रयास में अपने ही पोस्ट में गेंद डाल दी।

पहले हाफ में यही स्कोर रहा। मुम्बई ने दूसरे हाफ की शुरुआत 47वें मिनट में एक जोरदार हमले से की लेकिन गोम्स ने उसे नाकाम कर दिया। मुम्बई को हालांकि पहले गोल के लिए ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ा। 

48वें मिनट में बॉक्स में प्रीतम कोटाल ने हैंडबॉल किया और रेफरी ने बिना देरी किए मुम्बई को पेनाल्टी दे दिया। इस पेनाल्टी पर 49वें मिनट में गोल करते हुए बास्तोस ने मुम्बई को 1-1 की बराबरी दिला दी।

इसके बाद 61वें मिनट मार्टी क्रिस्पी के आत्मघाती गोल ने दिल्ली को 1-2 से पीछे कर दिया। क्रिस्पी हेडर के जरिए एक क्रास को बाहर करने का प्रयास कर रहे थे लेकिन गलती से गेंद उनके ही पोस्ट में घुस गई।

दिल्ली ने हालांकि हार नहीं मानी और 64वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया। यह गोल गियानी जुईवेर्लून ने हेडर के जरिए रेने मिहेलिक द्वारा लिए गए फ्रीकिक पर किया। मुम्बई ने 69वें मिनट में गोल करते हुए एक बार फिर बढ़त हासिल कर ली। उसके लिए यह गोल रेनियर ने पाउलो माचादो की मदद से किया। 

कप्तान माचादो को लगातार हमले करते रहने प्रतिफल 80वें मिनट में मिला और उन्होंने इसोको की मदद से गोल करते हुए मुम्बई के लिए चौथा गोल करते हुए दिल्ली की हार लगभग तय कर दी। माचादो ने इसोको के क्रास पर वॉली से यह गोल किया। दिल्ली ने 85वें मिनट में अच्छा मूव बनाया लेकिन मुम्बई के डिफेंडरों ने सही समय पर इस खतरे को टाल दिया। 

दिल्ली ने इसी तरह का एक हमला 88वें मिनट में भी किया लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। दिल्ली ने इंजुरी टाइम में दो बड़े हमले किए लेकिन वह गोल नहीं कर सकी। इस तरह दिल्ली को घर में सीजन की चौथी हार और मुम्बई के हाथों घर में अब तक की पहली हार से रूबरू होना पड़ा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल