1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विश्व कप क्वालीफायर: एशियाई चैंपियन कतर के रूप में सबसे कड़ी चुनौती का सामना करेगा भारत

विश्व कप क्वालीफायर: एशियाई चैंपियन कतर के रूप में सबसे कड़ी चुनौती का सामना करेगा भारत

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 09, 2019 11:03 pm IST,  Updated : Sep 09, 2019 11:03 pm IST

टीम ने इसी साल यूएई में एशिया कप जीता और हाल में कोपा अमेरिका में दक्षिण अमेरिकी टीमों को कड़ी टक्कर दी जहां टीम आमंत्रण पर खेली थी। 

विश्व कप क्वालीफायर: एशियाई चैंपियन कतर के रूप में सबसे कड़ी चुनौती का सामना करेगा भारत- India TV Hindi
विश्व कप क्वालीफायर: एशियाई चैंपियन कतर के रूप में सबसे कड़ी चुनौती का सामना करेगा भारत Image Source : @GURPREETGK/TWITTER

दोहा। पहले ही मैच में दिल तोड़ने वाली हार के बाद भारतीय फुटबाल टीम को मंगलवार को यहां विश्व कप के दूसरे दौर के क्वालीफायर में एशियाई चैंपियन कतर के रूप में अपनी सबसे कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। भारतीय टीम ने ओमान के खिलाफ पांच सितंबर को गुवाहाटी में बढ़त बनाने के बावजूद विरोधी टीम को अंतिम आठ मिनट में गोल करने के दो मौके दिए जिससे उसे हार का सामना करना पड़ा। 

विश्व कप के मेजबान कतर की टीम में पिछले कुछ वर्षों में काफी सुधार हुआ है। टीम ने इसी साल यूएई में एशिया कप जीता और हाल में कोपा अमेरिका में दक्षिण अमेरिकी टीमों को कड़ी टक्कर दी जहां टीम आमंत्रण पर खेली थी। 

भारत ने भी जनवरी में एशिया कप में यूएई और बहरीन जैसी टीमों को परेशान किया लेकिन मामूली अंतर से नाकआउट में जगह बनाने से चूक गई। भारत के खिलाफ कतर का पलड़ा भारी रहा है जिससे चार में से तीन मैचों में जीत दर्ज की है जबकि एक मैच ड्रा रहा। 

दोनों टीमों के बीच पिछला आधिकारिक मैच सितंबर 2007 में विश्व कप क्वालीफायर में खेला गया जिसमें कतर से भारत को 6-0 से रौंदा था। भारत ने 2011 में दोहा में मैत्री मैच में कतर को 2-1 से हराया था लेकिन इसे आधिकारिक मैच नहीं माना गया क्योंकि भारत ने नियमों से अधिक स्थानापन्न खिलाड़ियों का इस्तेमाल किया था। 

ओमान के खिलाफ भारत की ओर से एकमात्र गोल करने वाले कप्तान सुनील छेत्री ने भी स्वीकार किया कि मंगवार का मैच अधिक कड़ा होगा। छेत्री ने कहा, ‘‘हम हालांकि मैच को लेकर उत्सुक हैं। हम किसी भी टीम से खेलें, कड़ी टक्कर देंगे। हमें सुनिश्चित करना होगा कि हम उन छोटी गलतियों को नहीं दोहराएं जिसके कारण हमने ओमान के खिलाफ तीन अंक गंवाए।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल