1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियन पैरा गेम्स में चला भारतीय खिलाड़ियों का जादू, संदीप का भाला फेंक में विश्व रिकार्ड, भारत ने जीते 11 पदक

एशियन पैरा गेम्स में चला भारतीय खिलाड़ियों का जादू, संदीप का भाला फेंक में विश्व रिकार्ड, भारत ने जीते 11 पदक

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 08, 2018 08:34 pm IST,  Updated : Oct 09, 2018 08:12 pm IST

भारत ने एशियाई पैरा खेलों में सोमवार को तीन स्वर्ण पदक सहित कुल 11 पदक जीते जिनमें भाला फेंक के एथलीट संदीप चौधरी ने विश्व रिकार्ड के साथ जीता गया सोने का तमगा भी शामिल है।

संदीप चौधरी- India TV Hindi
एशियन पैरा गेम्स में भारत ने सोमवार को तीन स्वर्ण पदक सहित कुल 11 पदक जीते। Image Source : @HARBHAJAN_SINGH/TWITTER

जकार्ता। भारत ने एशियाई पैरा खेलों में सोमवार को तीन स्वर्ण पदक सहित कुल 11 पदक जीते जिनमें भाला फेंक के एथलीट संदीप चौधरी ने विश्व रिकार्ड के साथ जीता गया सोने का तमगा भी शामिल है। 

संदीप ने पुरूषों की एफ 42.44 / 61.64 स्पर्धा में पहला स्थान हासिल करके भारत को इन खेलों का पहला स्वर्ण पदक दिलाया।

भारत को दो अन्य स्वर्ण पदक मिडल डिस्टेंस रनर राजू रक्षिता (महिलाओं की टी11 1500 मीटर दौड़) और तैराक जाधव सुयेश नारायणन (पुरूषों की एस7 50 मीटर बटरफ्लाई) ने दिलाये। 

संदीप ने अपने तीसरे प्रयास में 60.01 मीटर का थ्रो लगाकर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने एफ44 में विश्व रिकार्ड भी बनाया। इससे पहले का रिकार्ड चीन के मिंगजी गाओ (59.82 मीटर) के नाम था जो उन्होंने 1980 में बनाया था। 

वह एफ 42.44 / 61.64 वर्ग के खिलाड़ी हैं जो पैरों की लंबाई में विकार, मांसपेशियों की कमजोरी से संबंधित है। 

पैरा एथलीटों ने दो रजत पदक भी जीते। रम्या षणमुगम ने महिलाओं की एफ46 भाला फेंक तथा राधा वेंकटेश ने महिलाओं की टी12-13 1500 मीटर में दूसरा स्थान हासिल किया। 

तैराकी में नारायण के स्वर्ण के अलावा भारत ने तीन कांस्य पदक भी हासिल किये। 

भारत के नाम पर अब तीन स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक सहित 16 पदक दर्ज हो गये हैं और वह पदक तालिका में आठवें स्थान पर है। भारत ने रविवार को दो रजत और एक कांस्य पदक जीता था। 

चीन 35 स्वर्ण, 14 रजत और 17 कांस्य पदक लेकर तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। उसके बाद दक्षिण कोरिया का नंबर आता है जिसनमें 14 स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक जीते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल