1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ISL-6 : गोवा को 2-0 से हराकर टॉप पर पहुंचा एटीके

ISL-6 : गोवा को 2-0 से हराकर टॉप पर पहुंचा एटीके

 Reported By: IANS
 Published : Jan 19, 2020 08:55 am IST,  Updated : Jan 19, 2020 08:55 am IST

आठवें मिनट में माइकल सूसाइराज ने एटीके लिए मूव बनाया और बॉक्स के अंदर रॉय कृष्णा को एक पास देना चाहा लेकिन गेंद रॉय के काफी दूर से निकल गई।

ISL- India TV Hindi
ISL Image Source : TWITTER/ ISL

कोलकाता| एफसी गोवा को अपने घर में शनिवार को 2-0 से हराकर दो बार की चैम्पियन एटीके एफसी ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छठे सीजन की अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। सॉल्ट लेक स्टेडियम में करीब 25 हजार दर्शकों की मौजूदगी में खेले गए इस मैच में एटीके के लिए प्रीतम कोटाल ने 47वें मिनट में गोल किया जबकि जयेश राणे ने 88वें मिनट में दूसरा गोल कर अपनी टीम की सातवीं जीत पक्की कर दी। एटीके के 13 मैचों से 24 ँअंक हो गए हैं। गोवा के भी इतने ही अंक हैं लेकिन गोल अंतर के लिहाज से एटीके आगे है।

टॉप-4 में शामिल इन दो टीमों के बीच का यह मुकाबला हाफटाइम तक गोलरहित बराबरी पर रहा। दोनों टीमों ने अपना पूरा दमखम झोंका लेकिन गोल करने का मौका किसी को नहीं मिल सका। बॉक्स के अंदर कई शॉट्स लिए गए लेकिन इनमें से अधिकांश टारगेट से दूर रहे।

पहला हमला दूसरे मिनट में एटीके की ओर से हुआ लेकिन जेवियर हर्नादेज अपने शॉट पर नियंत्रण नहीं कर सके और गेंद पोस्ट के काफी दूर से निकल गई। इसके बाद छठे मिनट में गोवा के लिए मानवीर ने एक मूव बनाया लेकिन उनका शॉट भी पोस्ट के दूर से निकल गया।

आठवें मिनट में माइकल सूसाइराज ने एटीके लिए मूव बनाया और बॉक्स के अंदर रॉय कृष्णा को एक पास देना चाहा लेकिन गेंद रॉय के काफी दूर से निकल गई। इसी तरह 10वें मिनट में कृष्णा ने प्रबीर दास के साथ मिलकर एक अच्छा मूव बनाया था लेकिन गोवा के गोलकीपर मोहम्मद नवाज ने उसे नकार दिया।

12वें मिनट में गोवा के स्ट्राइकर फेरान कोरोमिनास गेंद लेकर बॉक्स में घुसे लेकिन सुमित राठी ने उन्हें गिरा दिया। इस पर गोवा ने पेनाल्टी मांगा लेकिन रेफरी ने उसे नकार दिया। एटीके के लिए 25वें मिनट में हर्नादेज ने एक अच्छा मूव बनाया लेकिन उनके प्रयास को जॉबी जस्टिन अंतिम रूप नहीं दे सके।

अगले 20 मिनट तक दोनों टीमों ने एक दूसरे के डी को भेदने का भरपूर प्रयास किया और इस क्रम में वे सफल भी रहीं लेकिन गोल किसी की किस्मत में नहीं था और इसी तरह यह हाफ 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

मेजबान टीम ने हालांकि दूसरे हाफ की शुरुआत में ही गोल करते हुए लीड ले ली। उसके लिए यह गोल प्रीतम कोटाल ने किया। इस शानदार सेट पीस गोल में रॉय कृष्णा की भी भागीदारी रही। कृष्णा द्वारा बॉक्स के अंदर बाइलाइन के पास से मिले एक पास पर कोटाल ने ऊंचा उठते हुए हेडर के जरिए गोल किया।

एटीके ने इसके बाद 51वें और 53वें मिनट में भी अच्छे मूव बनाए लेकिन वे सफल नहीं हो सके। 56वें मिनट में गोवा के मोउतोर्दा फाल को पीला कार्ड मिला। 58वें मिनट में कप्तान मंडार राव देसाई ने गोवा के लिए एक अच्छा सेव किया।

68वें मिनट में गोवा को बराबरी का गोल करने का शानदार मौका मिला था लेकिन सिमिनलेन डोंगेल यह मौका चूक गए। डोंगेल को हुगो बोउमोस से मिले पास पर सिर्फ गोलकीपर अरिंदम को छकाना था लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके। गोवा ने इसी तरह का एक मौका 76वें मिनट में भी गंवाया।

77वें मिनट में प्रबीर दास ने गोवा के एक हमले को नाकाम कर दिया। इसके बाद एटीके ने 82वें मिनट में दूसरा गोल करने का शानदर मौका गंवा दिया और इसके अपराधी बने जॉबी जस्टिन के स्थानापन्न के तौर पर मैदान में आए जयेश राणे। राणे ने कृष्णा द्वारा मिले एक सटीक पास को बेकार कर दिया।

राणे ने हालांकि छह मिनट बाद अपनी गलती की भरपाई करते हुए एटीके को 2-0 से आगे कर दिया। राणे ने बॉक्स में लॉब्ड किए गेंद को अपने कब्जे में लिया और फिर कलाबाजी करते हुए डिफेंडरों को छकाया और गेंद को गोलपोस्ट में डालकर अपनी टीम के लिए तीन अंक सुनिश्चित कर दिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल