1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ओलंपिक मेडल शुरूआत भर, नंबर-1 हॉकी टीम बनना लक्ष्य: फॉरवर्ड शमशेर

ओलंपिक मेडल शुरूआत भर, नंबर-1 हॉकी टीम बनना लक्ष्य: फॉरवर्ड शमशेर

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 14, 2021 03:06 pm IST,  Updated : Sep 14, 2021 03:06 pm IST

फॉरवर्ड शमशेर सिंह ने सोमवार को कहा कि ओलंपिक कांस्य पदक भारतीय हॉकी टीम के लिये शुरूआत मात्र है और उसे दुनिया की नंबर एक टीम बनना है। 

ओलंपिक पदक शुरूआत भर,...- India TV Hindi
ओलंपिक पदक शुरूआत भर, नंबर-1 हॉकी टीम बनना लक्ष्य: फॉरवर्ड शमशेर Image Source : HOCKEY INDIA

नई दिल्ली। फॉरवर्ड शमशेर सिंह ने सोमवार को कहा कि ओलंपिक कांस्य पदक भारतीय हॉकी टीम के लिये शुरूआत मात्र है और उसे दुनिया की नंबर एक टीम बनना है। पुरूष हॉकी टीम ने तोक्यो में शानदार प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीता जो 41 साल बाद ओलंपिक में उसका पहला पदक था।

शमशेर ने हॉकी इंडिया की एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘अभी एक टीम के रूप में हमें बहुत कुछ हासिल करना है । हमने ओलंपिक पदक जीतकर लक्ष्य की ओर कदम रख दिये हैं लेकिन हम पिछले कुछ साल से दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनने की कोशिश कर रहे हैं ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ हम भविष्य में हर मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश करेंगे । खासकर बड़े टूर्नामेंटों जैसे एफआईएच हॉकी प्रो लीग में। हमें यकीन है कि मैच दर मैच अच्छा प्रदर्शन करने पर एक दिन दुनिया की नंबर एक टीम बनेंगे।’’ शमशेर ने कहा कि तोक्यो ओलंपिक हमेशा उनके लिये खास रहेंगे।

उन्होंने कहा,‘‘ मैं खुशकिस्मत हूं कि कैरियर के इतने शुरूआती चरण में ओलंपिक कांस्य पदक विजेता टीम की हिस्सा बना। मुझे यह भी पता है कि हमारे लिये एक टीम के तौर पर यह शुरूआत है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ हमें यकीन है कि भविष्य में इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और हम आने वाले वर्षों में करेंगे ।’’ यह पूछने पर कि तोक्यो में इतिहास रचने में भारतीय टीम की किस बात ने मदद की, शमशेर ने कहा ,‘‘ मैदान पर हार नहीं मानने का जज्बा।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल