1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. इंग्लैंड दौरे पर भारतीय महिला हॉकी टीम की कमान संभालेंगी रानी

इंग्लैंड दौरे पर भारतीय महिला हॉकी टीम की कमान संभालेंगी रानी

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 13, 2019 01:26 pm IST,  Updated : Sep 13, 2019 01:27 pm IST

रानी रामपाल को शुक्रवार को 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान बनाया गया जो 27 सितंबर से मारलो में शुरू हो रही पांच मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड से भिड़ेगी।

इंग्लैंड दौरे पर...- India TV Hindi
इंग्लैंड दौरे पर भारतीय महिला हॉकी टीम की कमान संभालेंगी रानी Image Source : HOCKEY INDIA

नई दिल्ली। स्टार फारवर्ड रानी रामपाल को शुक्रवार को 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान बनाया गया जो 27 सितंबर से मारलो में शुरू हो रही पांच मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड से भिड़ेगी। श्रृंखला 27 सितंबर से चार अक्टूबर तक खेल जायेगी और गोलकीपर सविता उप कप्तान होंगी।

हाल में जापान में ओलंपिक टेस्ट प्रतियोगिता में टीम की जीत के बाद सविता और रजनी इतिमारपू ने टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है। डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का, गुरजीत कौर, रीना खोखर और सलीमा टेटे को भी टीम में रखा गया है।

हॉकी इंडिया ने बयान में कहा कि मिडफील्ड में अनुभवी नमिता टोप्पो की वापसी हुई है जो चोट के कारण बाहर थी। भारतीय मिडफील्ड में अनुभवी खिलाड़ी सुशीला चानू पुखराम्बाम, निक्की प्रधान, मोनिका, नेहा गोयल और लिलिमा मिंज शामिल है।

मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, ‘‘हमारी टीम में खिलाड़ियों का संतुलन पिछले टूर्नामेंट की तरह ही है क्योंकि हम तोक्यो ओलंपिक 2020 के लिये क्वालीफाई करने के अहम चरण में हैं।’’ उन्होंने कहा कि दौरे से टीम को ओड़िशा में होने वाले एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर में अमेरिका से भिड़ने की तैयारी में मदद मिलेगी।

भारतीय टीम इस प्रकार है:-

गोलकीपर: सविता (उप कप्तान), रजनी इतिमारपू

डिफेंडर: दीप ग्रेस एक्का, गुरजीत कौर, रीना खोखर, सलीमा टेटे
मिडफील्डर: सुशीला चानू पुखराम्बाम, निक्की प्रधान, मोनिका, नेहा गोयल, लिलिमा मिंज, नमिता टोप्पो
फॉरवर्ड: रानी (कप्तान), वंदना कटारिया, नवनीत कौर, लालरेमसियामी, नवजोत कौर, शर्मिला देवी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल