1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. टेबल टेनिस रैंकिंग में टॉप पर रहने वाले भारतीय बने शरत कमल

टेबल टेनिस रैंकिंग में टॉप पर रहने वाले भारतीय बने शरत कमल

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 16, 2020 07:13 pm IST,  Updated : Apr 16, 2020 10:06 pm IST

शरत ने पिछले महीने ओमान ओपन में खिताब हासिल किया था जो उनका पिछले 10 साल में पहला आईटीटीएफ खिताब था।

Sharath Kamal- India TV Hindi
Sharath Kamal Image Source : GETTY IMAGES

नई दिल्ली|| अनुभवी टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल गुरूवार को हमवतन जी साथियान को पछाड़ते हुए आईटीटीएफ विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज भारतीय बन गये। उन्होंने सात पायदान की छलांग लगाकर 31वां स्थान हासिल किया। शरत ने पिछले महीने ओमान ओपन में खिताब हासिल किया था जो उनका पिछले 10 साल में पहला आईटीटीएफ खिताब था। इसकी बदौलत वह रैंकिंग सुधारने में सफल रहे।

शरत ने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी के कारण इस समय जो नकारात्मकता फैली है, उसमें यह अच्छी खबर है। अच्छा लग रहा है। इस लॉकडाउन के दौरान खेल से दूर रहने के दौरान मुझे ऐसी ही खबर की जरूरत थी। ’’

वहीं उनके युवा साथी साथियान 32वें स्थान पर खिसक गये। तेजी से आगे बढ़ रहे मुदित दानी ने भी रैंकिंग में अच्छी प्रगति की जिससे वह पहली बार अपने करियर में शीर्ष 200 में पहुंचे। उन्होंने नौ पायदान की छलांग लगायी और 200वें नंबर पर पहुंच गये। हरमीत देसाई 72वें, एंथोनी अमलराज 100वें और मानव ठक्कर 139वीं रैंकिंग पर काबिज हैं।

महिलाओं की रैंकिंग में मनिका बत्रा 63वें स्थान पर हैं जबकि सुर्तिथा मुखर्जी पहली बार शीर्ष 100 में प्रवेश करने में सफल रहीं। उन्होंने 14 पायदान के फायदे से 95वां स्थान हासिल किया। अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) ने प्रतियोगिताओं के शुरू होने तक रैंकिंग बंद कर दी है। कोविड-19 के कारण 30 जून तक सारे टूर्नामेंट स्थगित हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल