1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. निशानेबाजी : तेजस्विनी सावंत ने भारत को दिलाया 12वां ओलंपिक कोटा

निशानेबाजी : तेजस्विनी सावंत ने भारत को दिलाया 12वां ओलंपिक कोटा

 Reported By: IANS
 Published : Nov 09, 2019 06:21 pm IST,  Updated : Nov 09, 2019 06:21 pm IST

तेजस्विनी ने शनिवार को यहां जारी 14वें एशियाई चैंपियनशिप में महिलाओं की 50 मीटर 3 पोजिशन राइफल स्पर्धा में टोक्यो ओलंपिक-2020 का कोटा हासिल किया।

Shooting: Tejaswini gives India 12th Olympic quota- India TV Hindi
Shooting: Tejaswini gives India 12th Olympic quota Image Source : GETTY IMAGES

दोहा। पूर्व विश्व चैंपियन भारत की महिला निशानेबाज तेजस्विनी सावंत ने अगले साल टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों का टिकट हासिल कर लिया है। तेजस्विनी ने शनिवार को यहां जारी 14वें एशियाई चैंपियनशिप में महिलाओं की 50 मीटर 3 पोजिशन राइफल स्पर्धा में टोक्यो ओलंपिक-2020 का कोटा हासिल किया।

तेजस्विनी ने 1171 स्कोर के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया और उन्होंने क्वालीफिकेशन में पांचवें स्थान पर रहकर टोक्यो ओलंपिक का टिकट कटाया। चीन की शी मेंगयाओ 1178 स्कोर के साथ शीर्ष पर रहीं।

फाइनल में पहुंचने वाली आठ निशानेबाजों में से छह पहले ही टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।

39 वर्षीय तेजस्विनी का पहला ओलंपिक है। टोक्यो ओलंपिक के लिए निशानेबाजी में भारत का यह 12वां कोटा है। तेजस्विनी से पहले चिंकी यादव ने महिलाओं की 50 मीटर रैपिड पिस्टल स्पर्धा में भारत को निशानेबाजी में 11वां ओलंपिक कोटा दिलाया था।

महिलाओं की 50 मीटर 3 पोजिशन राइफल स्पर्धा में तेजस्विनी ने काजल सैनी और गायत्री नित्यानंदम के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में पैदा हुई तेजस्विनी विश्व चैंपियनशिप, विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों में कई पदक जीत चुकी हैं। वह अगस्त 2010 में जर्मनी में 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में विश्व चैंपियन बनीं थी।

2011 में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित की जा चुकी तेजस्विनी विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल