1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. श्रीकांत ने ली युन इल को रौंदकर डेनमार्क ओपन का ख़िताब जीता

श्रीकांत ने ली युन इल को रौंदकर डेनमार्क ओपन का ख़िताब जीता

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 22, 2017 10:58 pm IST,  Updated : Oct 22, 2017 10:58 pm IST

भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने बेहद एकतरफा मुकाबले में आज यहां 750000 डालर इनामी डेनमार्क ओपन के फाइनल में कोरिया के ली युन इल को सीधे गेम में हराकर अपना तीसरा सुपर सीरीज प्रीमियर ख़िताब जीत लिया.

Kidambi Srikanth- India TV Hindi
Kidambi Srikanth

ओडेंसे: भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने बेहद एकतरफा मुकाबले में आज यहां 750000 डालर इनामी डेनमार्क ओपन के फाइनल में कोरिया के ली युन इल को सीधे गेम में हराकर अपना तीसरा सुपर सीरीज प्रीमियर ख़िताब जीता। इस साल इंडोनेशिया ओपन और आस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीतने वाले आठवीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने ओडेंसे स्पोट्र्स पार्क में अपने से 12 साल सीनियर ली को सिर्फ 25 मिनट में 21-10 21-5 से शिकस्त दी। दुनिया के आठवें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत का यह तीसरा सुपर सीरीज प्रीमियर खिताब है। उन्होंने इससे पहले 2014 में चीन ओपन जबकि इस साल इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीता। 

श्रीकांत ने अपने से अधिक अनुभवी 37 साल के ली को कोई मौका नहीं दिया। ली ने कल सेमीफाइनल में हमवतन और दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी सोन वान हो को हराया था लेकिन आज वह इस प्रदर्शन को नहीं दोहरा पाए। श्रीकांत ने धीमी शुरुआत की और पहले आठ अंक के बाद दोनों खिलाड़ी 4-4 से बराबर थे। श्रीकांत ने इसके बाद अपने ताकतवर स्मैश की बदौलत 9-5 की बढ़त बनाई। भारतीय खिलाड़ी ब्रेक तक 11-6 से आगे था। 

ली के पास श्रीकांत के दमदार स्मैश और क्रास कोर्ट रिटर्न का कोई जवाब नहीं था जिससे भारतीय खिलाड़ी ने 14-8 की बढ़त बनाई। ली ने इसके अलावा बेसलाइन पर भी गलतियां की और उनके कई शाट बाहर गए जिससे श्रीकांत ने 17-8 की बढ़त बनाई। कोरियाई खिलाड़ी ने दो शाट बाहर मारे जिससे श्रीकांत को 20-8 के स्कोर पर 10 गेम प्वाइंट मिले। श्रीकांत की गलती से ली को दो अंक मिले लेकिन उन्हें इसके बाद शाट बाहर मारकर गेम भारतीय खिलाड़ी की झोली में डाल दिया। 

दूसरे गेम में श्रीकांत ने बेहतरीन शुरुआत की और वह ब्रेक के समय 11-1 से आगे थी। ली को अपने शाट को लेकर जूझना पड़ा। उन्होंने कई शाट बाहर मारे जबकि कई शाट नेट पर उलझाए जिससे श्रीकांत को गेम और मैच जीतकर खिताब अपने नाम करने में कोई परेशानी नहीं हुई। इससे पहले 2013 की वि चैंपियन थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन ने महिला एकल में पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए जापान की चौथी वरीय अकाने यागामुची को एक घंटे और छह मिनट में 14-21 21-15 21-19 से हराकर सत्र का अपना पहला खिताब जीता। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल