1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सुनील छेत्री ने फैंस के नाम दिया इमोशनल मैसेज, बोले हमें गालियां दो, आलोचना करो लेकिन खेल देखो

सुनील छेत्री ने फैंस के नाम दिया इमोशनल मैसेज, बोले हमें गालियां दो, आलोचना करो लेकिन खेल देखो

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 03, 2018 11:51 am IST,  Updated : Jun 03, 2018 11:51 am IST

सुनील छेत्री ने लियोनेल मेस्सी, नेमार और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के प्रशंसकों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा,‘‘हमें गालियां दो, आलोचना करो लेकिन भारतीय फुटबाल टीम को खेलते देखने स्टेडियम में आओ।’’ 

सुनील छेत्री- India TV Hindi
सुनील छेत्री

नयी दिल्ली: भारत के बेहतरीन फुटबॉलरों में शुमार सुनील छेत्री ने आज लियोनेल मेस्सी, नेमार और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के प्रशंसकों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा,‘‘हमें गालियां दो, आलोचना करो लेकिन भारतीय फुटबाल टीम को खेलते देखने स्टेडियम में आओ।’’ 

फुटबाल विश्व कप शुरू होने में महज दो हफ्ते रह गए हैं और प्रसारक फुटबालप्रेमियों से हैशटैग के जरिये दूसरे देश के प्रति अपना प्रेम जाहिर करने की अपील कर रहे हैं। ऐसे में भारत के लिये सबसे ज्यादा गोल करने वाले छेत्री ने उनसे अपने मूल देश के प्रति भी प्यार जताने का आग्रह किया है। 

भारतीय टीम हाल ही में फीफा रैकिंग में 97वें स्थान पर पहुंच गई। भारत ने कल चार देशों के टूर्नामेंट के पहले मैच में चीनी ताइपै को 5-0 से हराया लेकिन मैच देखने के लिये बमुश्किल 2000 दर्शक पहुंचे थे। 

भारतीय कप्तान ने अपने अंतरराष्ट्रीय कैरियर में तीसरी बार हैट्रिक लगाई। छेत्री ने कहा,‘‘बड़े यूरोपीय क्लबों के प्रशंसकों से मैं इतना ही कहूंगा कि कई बार आप लोगों को लगता होगा कि हमारा स्तर उतना ऊंचा नहीं है तो अपना समय क्यो खराब करें। मैं मानता हूं कि हम उनके जैसा नहीं खेल सकते लेकिन हम अपनी कोशिशों से आपका समय जाया नहीं होने देंगे।’’ 

उन्होंने कहा,‘‘आप सभी के लिये जिन्होंने भारतीय फुटबाल से उम्मीदें छोड़ दी है, हम अनुरोध करते हैं कि मैदान पर हमें खेलते देखने के लिये आयें।’’ 

उन्होंने कहा,‘‘इंटरनेट पर हमें गालियां देने का आलोचना करने का कोई फायदा नहीं है। स्टेडियम आकर हमारे मुंह पर हमें गालियां दीजिए। हो सकता है कि एक दिन हमारे बारे में आपकी राय बदल जाये और आप हमारे लिये तालियां बजाने लगे। आपका समर्थन हमारे लिये बहुत जरूरी है।’’ 

भारतीय टीम चार जून को कीनिया से खेलेगी जो छेत्री का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी होगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल