1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हम चीन हारने नहीं जा रहे हैं, हमारे लिए यह दोस्ताना मैच से बढ़कर है: भारतीय फुटबॉल कोच

हम चीन हारने नहीं जा रहे हैं, हमारे लिए यह दोस्ताना मैच से बढ़कर है: भारतीय फुटबॉल कोच

 Reported By: IANS
 Published : Oct 09, 2018 08:44 pm IST,  Updated : Oct 09, 2018 08:44 pm IST

भारतीय फुटबाल टीम पहली बार चीन की धरती पर अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने लिए जा रही।

भारतीय फुटबॉल कोच- India TV Hindi
भारतीय फुटबॉल कोच   Image Source : PTI

नई दिल्ली। भारतीय फुटबाल टीम पहली बार चीन की धरती पर अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने लिए जा रही। इस दोस्ताना मैच के लिए टीम के रवाना होने से पहले मुख्य कोच स्टीफन कांस्टैनटाइन ने कहा है कि यह मैच पूरे विश्व के लिए दोस्ताना मैच होगा लेकिन उनके लिए नहीं। कोच ने यह बात मंगलवार को टीम के रवाना होने से पहले आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कही।

उन्होंने कहा, "जब आप भारत के लिए खेल रहे होते हो तो आपके सामने जो भी चीज आए उसे गंभीरता से लेना चाहिए। आप अरबों लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। मैं आपको बता नहीं सकता कि हमारे लिए यह मैच कितना अहम है।"

उन्होंने कहा, "दोस्ताना हो या न हो, यह राष्ट्रीय टीम का मैच है। यह विश्व के लिए दोस्ताना मैच हो सकता है हमारे लिए नहीं। हम इसमें अपनी पूरी जान झोंक देंगे। यह खिलाड़ी एशियन कप के लिए अपनी जगह टीम में बनाना चाहते हैं और इसलिए अपने आप को मैदान पर साबित भी करना चाहते हैं।"

कोच ने कहा कि यह बेशक मुश्किल होगा, लेकिन उनकी टीम वहां हारने नहीं जा रही है। उन्होंने कहा, "हम वहां हारने नहीं जा रहे हैं। हां हमारे लिए यह मुश्किल होगा लेकिन हमारा मकसद हर मैच में हर मैदान पर जीत हासिल करना है। अगर हम जीते नहीं तो मैच से हमारे पास काफी कुछ सकारात्मक चीजें सीखने को होंगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल