1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ISSF World Cup 2022: स्वप्निल की वर्ल्ड कप में हुई चांदी, 50 मीटर राइफल थ्रीपी स्पर्धा में जीता रजत, भारत की झोली में आया दूसरा पदक

ISSF World Cup 2022: स्वप्निल की वर्ल्ड कप में हुई चांदी, 50 मीटर राइफल थ्रीपी स्पर्धा में जीता रजत, भारत की झोली में आया दूसरा पदक

 Written By: Rajeev Rai @Rajeev_Bharat
 Published : Jun 02, 2022 04:40 pm IST,  Updated : Jun 02, 2022 04:40 pm IST

आईएसएसएफ विश्व कप में स्वप्निल कुसाले ने जीता अपना पहला व्यक्तिगत पदक, रजत पदक जीतकर भारत को दिलाया दूसरा पदक

ISSF World cup, shooting world cup, swapnil kusale,  50m Rifle 3 Positions, issf, 2022, स्वप्निल कुस- India TV Hindi
Swapnil Kusale wins silver in issf world cup 2022 Image Source : TWITTER@MEDIA_SAI

Highlights

  • विश्व कप में भारत को मिला दूसरा पदक
  • स्वप्निल ने पुरुष वर्ग के 50 मीटर राइफल थ्रीपी पोजिशन में जीता रजत

आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। अजरबेजान के बाकू में चल रहे टूर्नामेंट के दूसरे दिन यानी गुरूवार को स्वप्निल कुसाले ने पुरूष वर्ग की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस (थ्रीपी) स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश की झोली में दूसरा पदक डाला। 

26 साल के स्वप्निल को खिताबी मुकाबले में रियो ओलंपिक के रजत पदक विजेता यूक्रेन के सेरही कुलिश से स्वर्ण पदक के मैच में 10-16 से हार मिली। यह स्वप्निल का पहला व्यक्तिगत आईएसएसएफ विश्व कप पदक है। अभी तक भारत की 12 सदस्यीय राइफल टीम ने एक स्वर्ण और एक रजत जीत लिया है और पदक तालिका में अब पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। 

स्वप्निल ने प्रतियोगिता में विश्व स्तरीय निशानेबाजों के बीच दो दिन काफी अच्छा प्रदर्शन किया। वह गुरूवार को शीर्ष आठ रैंकिंग राउंड में पहले कुलिश के बाद दूसरे स्थान पर रहे और फिर स्वर्ण पदक की भिड़ंत में यूक्रेन के इस चैम्पियन से हार गये। कुलिश ने रैंकिंग राउंड में 411 अंक का स्कोर बनाया था लेकिन स्वप्निल 409 अंक ही हासिल कर सके।

इससे पहले बुधवार को महिला टीम ने गोल्ड पर निशाना साधा। एलावेनिल वालारीवान, श्रेया अग्रवाल और रमिता की तिकड़ी ने  महिला वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 

इस टुर्नामेंट का आयोजन सात जून तक अजरबेजान के बाकू में किया जा रहा है। भारत ने इसमें 12 खिलाड़ियों का मजबूत दल भेजा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल