1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पीवी सिंधु की खराब फॉर्म जारी, पहले ही राउंड में हार के साथ एक और टूर्नामेंट से बाहर

पीवी सिंधु की खराब फॉर्म जारी, पहले ही राउंड में हार के साथ एक और टूर्नामेंट से बाहर

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Jul 19, 2023 08:31 pm IST,  Updated : Jul 19, 2023 08:31 pm IST

पीवी सिंधु को कोरिया ओपन के पहले ही राउंड में करारी हार का सामना करना पड़ा है। सिंधु इस साल खराब फॉर्म से गुजर रही हैं।

PV Sindhu- India TV Hindi
PV Sindhu Image Source : GETTY IMAGES

भारत की दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु मौजूदा समय में अपने करियर की सबसे खराब फॉर्म से गुजर रही हैं। सिंधु एक के बाद एक टूर्नामेंट में हार का सामना कर रही हैं। इसका सीधा सा असर उनकी रैंकिंग पर भी दिख रहा है। इसी बीच सिंधु को एक और टूर्नामेंट में करारी हार का सामना करना पड़ा है। 

सिंधु को झेलनी पड़ी हार

पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत बुधवार को यहां अपने-अपने शुरुआती दौर के मैचों में हार के बाद सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट कोरिया ओपन से जल्दी बाहर हो गए। सिंधु महिला एकल में चीनी खिलाड़ी पाई यू पो से 18-21, 21-10, 13-21 से हार गईं। इस सीजन में 12 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट में सिंधु का यह छठा शुरुआती दौर में बाहर होना था।

मालविका बंसोड़ को भी झेलनी पड़ी हार

अन्य महिला एकल मुकाबलों में मालविका बंसोड़ दुनिया की चौथे नंबर की चीनी ताइपे की ताई जू यिंग से 17-21, 7-21 से हार गईं। इस बीच, अश्मिता चालिहा मौजूदा ओलंपिक चैंपियन चीन की चेन यू फी से 13-21, 12-21 से हार गईं। आकर्षी कश्यप को चीनी शटलर झांग यी मान के हाथों 12-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि तस्नीम मीर को स्थानीय खिलाड़ी किम गा युन से 11-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। तान्या हेमनाथ जापान की साएना कावाकामी से 11-21, 17-21 से हार गईं।

श्रीकांत भी हुए बाहर

पुरुष एकल में, पूर्व विश्व नंबर 1 श्रीकांत जापान के केंटो मोमोता से तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में 21-12, 22-24, 17-21 से हार गए। वहीं एचएस प्रणय ने बेल्जियम के जूलियन कैराग्गी को 21-13, 21-17 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया, जहां उनका मुकाबला हांगकांग के ली चेउक यियू से होगा। दूसरी ओर, किरण जॉर्ज चीनी ताइपे के शटलर वांग जू वेई से 17-21, 9-21 से हार गईं। मिथुन मंजूनाथ को भी मलेशिया के एनजी जू योंग से 11-21, 4-21 से हार का सामना करना पड़ा।

रोहन कपूर और सिक्की रेड्डी जीते

मिश्रित युगल में रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी ने फिलीपींस के एल्विन मोराडा और एलिसा यसबेल लियोनार्डो को 21-17, 21-17 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। रोहन और सिक्की का अगला मुकाबला फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की चौथी वरीयता प्राप्त चीनी जोड़ी से होगा। एक अन्य मिश्रित जोड़ी, बी सुमित रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा, सोंग ह्यून चो और ली जंग ह्यून की कोरियाई जोड़ी से 21-23, 21-13, 12-21 से हारकर बाहर हो गई।

कई खिलाड़ियों से अभी भी उम्मीद

प्रणय और प्रियांशु राजावत (पुरुष एकल), सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (पुरुष युगल), ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद (महिला युगल) और रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी (मिश्रित युगल) इस सुपर 500 इवेंट में भारतीय चुनौती को जीवित रखे हुए हैं। सात्विक और चिराग ने मंगलवार को अपने पुरुष युगल के पहले दौर के मैच में जीत हासिल की, जबकि ट्रीसा और गायत्री को शुरुआती मैच में वॉकओवर मिला।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल