1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Rafael Nadal: राफेल नडाल के घर आई खुशखबरी, पहली बार पिता बने स्पेनिश टेनिस दिग्गज

Rafael Nadal: राफेल नडाल के घर आई खुशखबरी, पहली बार पिता बने स्पेनिश टेनिस दिग्गज

 Written By: Rajeev Rai
 Published : Oct 09, 2022 08:36 am IST,  Updated : Oct 09, 2022 09:37 am IST

Rafael Nadal: स्पेनिश टेनिस दिग्गज राफेल नडाल की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया है।

Rafael Nadal, rafael nadal wife- India TV Hindi
Rafael Nadal with Wife Maria Francisca Perello Image Source : RAFAEL NADAL INSTAGRAM

Rafael Nadal: स्पेन के टेनिस दिग्गज राफेल नडाल एक बेटे के पिता बन गए हैं। 22 ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले 36 साल के नडाल पहली बार पिता बने हैं। स्पेनिश प्रेस ने शनिवार (8 अक्टूबर) को जानकारी दी और बताया कि मारिया ने पॉमा के एक निजी क्लीनिक में नडाल के बच्चे को जन्म दिया है। हालांकि नडाल या उनके परिवार की तरफ से अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन स्पेन की ही मशहूर फुटबॉल क्लब रियल मेड्रिड ने भी देर रात इसकी पुष्टि कर दी। 

रियल मेड्रिड ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से नडाल के पिता बनने की जानकारी देते हुए उन्हें बधाई दी। पोस्ट में लिखा था, “हमारे प्रिय मानद सदस्य राफेल नडाल और मारिया पेरेलो को उनके पहले बच्चे के जन्म के लिए बधाई। इस खुशी के पल को बांटने में हम आपके साथ हैं। शुभकामनाएं!”

तीन साल पहले हुई थी नडाल की शादी

बता दें कि शादी के करीब तीन साल बाद नडाल की पत्नी मारिया फ्रांसिस्का पेरेलो ने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया है। नडाल और मारिया ने लंबे समय तक साथ रहने के बाद 2019 में शादी कर ली थी। इसके बाद इसी साल जून में टेनिस दिग्गज ने अपनी पत्नी के गर्भवती होने की जानकारी दी थी।

लेवर कप में फेडरर के फेयरवेल मैच में आए थे नजर

गौरतलब है कि नडाल हाल ही में अगस्त के महीने में लेवर कप में रोजर फेडरर के साथ टीम यूरोप की तरफ से खेले थे। वह फेडरर के फेयरवेल मैच में काफी भावुक भी हो गए थे और इसके बाद निजी कारणों का हवाला देकर लेवर कप बीच में ही छोड़कर चले गए थे। इसके बाद से ही स्पेनिश मीडिया की मारिया पर नजर थी।

नडाल ने इस साल जीते दो ग्रैंडस्लैम

नडाल की बात करें तो उन्होंने चोट से जूझते हुए और उतार-चढ़ाव भरे इस साल में दो ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं। नडाल ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। वह सर्वाधिक ग्रैंडस्लैम जीतने वाले खिलाड़ी बन गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल