Samsung Galaxy A37 Review: सैमसंग ने इस साल अपनी Galaxy A सीरीज को हाल ही में रिफ्रेश किया है। कंपनी ने इस सीरीज में Galaxy A57 और Galaxy A37 5G उतारे हैं। ये दोनों मिड बजट फोन एक जैसे डिजाइन और लगभग एक जैसे फीचर्स के साथ आते हैं। हमने हाल ही में इन दोनों फोन को कुछ समय के लिए इस्तेमाल किया है। इस सीरीज का Galaxy A37 हमें कैसा लगा है, आइए जानते हैं...
Samsung Galaxy A37 5G के फीचर्स
| Samsung Galaxy A37 5G | फीचर्स |
| डिस्प्ले | 6.7 इंच, AMOLED, 120Hz |
| प्रोसेसर | Exynos 1480 |
| स्टोरेज | 12GB + 256GB |
| बैटरी | 5000mAh, 45W |
| कैमरा | 50MP + 8MP+ 5MP, 12MP |
| OS | Android 16, OneUI 8.5 |
Samsung Galaxy A37 Review

Samsung Galaxy A37 5G: डिजाइन और डिस्प्ले
सैमसंग गैलेक्सी A57 की तरह ही इस फोन के डिजाइन में भी आपको कुछ नयापन देखने को मिलेगा। कंपनी ने फोन के बैक में दिए गए कैमरा मॉड्यूल में विजिबल बंप दिया है, जो देखने में प्रीमियम फील देता है। फोन का डिजाइन Galaxy S26 सीरीज से इंस्पायर्ड है। फोन के बैक में ग्लास पैनल का इस्तेमाल किया गया है। साइड में कर्व्ड डिजाइन देखने को मिलता है। फोन के बैक पैनल में ग्लास फिनिश होने की वजह से यह धूल को अपनी ओर आकर्षित करता है। इसे आपको बार-बार साफ करते रहना होगा।

साइड पैनल की बात करें तो दाहिनी तरफ वॉल्यूम और पावर बटन्स का कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा। वहीं, नीचे की तरफ USB Type C चार्जिंग पोर्ट और स्पीकर ग्रिल्स दिए गए हैं। कंपनी ने फोन को पिछले मॉडल के मुकाबले पतला रखने की कोशिश की है। स्लिम डिजाइन होने की वजह से यह फोन प्रीमियम लुक भी देता है। साथ ही, फोन का वजन काफी कम है, जिसकी वजह से इसे आप आसानी से सिंगल हैंडली ऑपरेट कर पाएंगे।
Galaxy A57 की तरह ही इसमें भी 6.7 इंच का FHD+ Super AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। फोन का डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसके प्रोटेक्शन के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास मिलेगा। फोन के डिस्प्ले पैनल में सेंटर अलाइंड पंच-होल डिजाइन मिलता है, जिसे कंपनी ने Infinity-O नाम दिया है। गोरिल्ला ग्लास की वजह से फोन के डिस्प्ले की ड्यूरेबिलिटी बेहतर है।

डिस्प्ले की परफॉर्मेंस की बात करें तो इस पर देखे जाने वाले कंटेंट में नेचुरल कलर लगेगा। ऐसा आपको कभी नहीं लगेगा कि कंटेंट को एआई की मदद से जबरदस्ती ब्राइट करने की कोशिश की गई है। इस फोन में आप 4K रेजलूशन तक के वीडियो कंटेंट एक्सपीरियंस कर सकते हैं। गेमिंग में भी फोन का डिस्प्ले सही काम करता है। हाई रेजलूशन गेम के ग्राफिक्स सही दिखते हैं।
Samsung Galaxy A37 5G: परफॉर्मेंस और बैटरी
सैमसंग का यह फोन Exynos 1480 चिपसेट के साथ आता है। इस फोन में 8GB/12GB रैम और 128GB/256GB स्टोरेज मिलता है। इसमें दो 5G नैनो सिम कार्ड लगाए जा सकते हैं। फोन में कंपनी ने ऑक्टाकोर प्रोसेसर यूज किया है, जिसे सैमसंग ने खुद बनाया है। यह प्रोसेसर MediaTek और Qualcomm के मुकाबले थोड़ा कमजोर है और एवरेज परफॉर्मेंस देता है। बेसिक यूज में आपको ठीक-ठाक परफॉर्मेंस मिल जाती है। वहीं, मल्टी-टास्किंग करते समय आपको थोड़ी-बहुत दिक्कत आ सकती है।

यह फोन 5000mAh की बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आता है। कंपनी ने इस फोन के साथ चार्जिंग अडैप्टर नहीं दिया है। आप इसे अलग से खरीद सकते हैं। इस फोन की बैटरी को आप सिंगल चार्ज करके पूरे दिन आसानी से यूज कर सकते हैं। फोन के साथ कंपनी ने अडेप्टर नहीं दिया है। मैनें इसे Google Pixel के 33W वाले चार्जर से चार्ज किया है। फोन को 0 से फुल चार्ज होने में तकरीबन 70 से 75 मिनट का समय लगता है।
Galaxy A57 की तरह ही यह फोन भी लेटेस्ट Android 16 पर बेस्ड OneUI 8.5 के साथ आता है। फोन में मल्टी-लेयर सिक्योरिटी दी गई है। यह फोन कंपनी के Knox सिक्योरिटी के साथ आता है। फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम बेहद ही यूजर फ्रेंडली है। साथ ही, सैमसंग के फोन में आपको बेहतर सिक्योरिटी लेयर मिल जाता है। हालांकि, कंपनी ने फोन के साथ कई प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स दिए हैं, जो आपको इरिटेट कर सकते हैं। हालांकि, बाद में इसे आप अपनी सहूलियत के हिसाब से डिलीट भी कर सकते हैं।

Samsung Galaxy A37 5G: कैमरा
सैमसंग का यह फोन ट्रिपल कैमरा सेटअप के साथ आता है। यह फोन 50MP के मेन OIS कैमरा के साथ आता है। इसके साथ 8MP का सेकेंडरी और 5MP का मैक्रो कैमरा मिलेगा। दक्षिण कोरियाई कंपनी का यह फोन 12MP सेल्फी कैमरे के साथ आता है। इसके कैमरा एक्सपीरियंस की बात करें तो डे-लाइट में फोन का मेन कैमरा बेहतर काम करता है। कैमरे से ली गई तस्वीर में आपको नेचुरल कलर देखने को मिलता है। इसमें कंपनी ने 8MP का अल्ट्रा वाइड कैमरा दिया है, जिसे और बेहतर किया जा सकता है। अल्ट्रा वाइड तस्वीर पिक्सलेट होती है।
लो लाइट में ली गई तस्वीरों की बात करें तो Galaxy A57 की तरह ही इसमें भी धूंधलापन नजर आता है। हालांकि, फोन में दिया कैमरा ऐप ली गई तस्वीर को प्रोसेस कर देता है। ऐसे में अगर आप लो लाइट में तस्वीर लेना चाहते हैं तो फ्लैश लाइट को ऑन करके ही लें। फ्लैश के साथ ली गई तस्वीर ज्यादा बेहतर लगेगी।

Samsung Galaxy A37 5G: हमारा फैसला
सैमसंग का यह मिड बजट फोन हाथ में लेने पर या देखने पर प्रीमियम फील देता है। फोन का डिजाइन आकर्षक है और ड्यूरेबिलिटी भी अच्छी है। फोन की परफॉर्मेंस की बात करें तो कंपनी इसके प्रोसेसर में अपग्रेड कर सकती थी। इस प्राइस रेंज में आने वाले कई फोन परफॉर्मेंस के मामले में इससे बेहतर नजर आते हैं। Galaxy A37 का बैटरी बैकअप ठीक है। इसे सिंगल चार्ज में आप पूरे दिन आराम से इस्तेमाल कर सकते हैं। हैवी काम या मल्टी-टास्किंग के दौरान फोन का बैक पैनल गर्म हो जाता है।
ओवरऑल सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस हमें ठीक लगा है। कैमरे के मामले में भी यह फोन ठीक है। अल्ट्रा वाइड कैमरे में अपग्रेड की जरूरत है। वहीं, लो-लाइट फोटोग्राफी भी एवरेज है। फोन की शुरुआती कीमत 41,999 रुपये है, जो यूजर्स को ज्यादा लग सकता है।
यह भी पढ़ें - सोशल मीडिया पर लीक हुआ प्राइवेट फोटो 2 घंटे के अंदर होगा डिलीट, सरकार ने नियम किए सख्त