उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आज लखनऊ में निवेश मित्र 3.0 'सिंगल विंडो सिस्टम' के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर निवेश प्रस्तावों हेतु भूमि आवंटन, LOC एवं पात्रता प्रमाण-पत्रों का वितरण, ₹2,781 करोड़ की सब्सिडी राशि का हस्तांतरण तथा उत्तर प्रदेश प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट पॉलिसी-2025 व DBFOT मॉडल पर प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल शेड्स के विकास हेतु नई पॉलिसी का भी शुभारंभ किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, Seamless Connectivity और अनुकूल व्यावसायिक वातावरण के साथ यूपी सरकार निवेश को प्रोत्साहित करने और उद्योगों को सशक्त बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
'निवेश का सबसे पसंदीदा स्थल आज उत्तर प्रदेश है'
उन्होंने कहा, "निवेश मित्र 3.0 के माध्यम से हमने एक ऐसा सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म प्रस्तुत किया है, जो निवेशकों को Seamless, Transparent और Predictable अनुभव प्रदान करता है। इसमें 43 से अधिक विभागों की 530+ सेवाओं को समेकित कर प्रक्रियाओं को सरल बनाते हुए 200 से कम सेवाओं तक सीमित किया गया है।" उन्होंने कहा, "पूरे देश में उद्यमियों के लिए निवेश का सबसे पसंदीदा स्थल आज उत्तर प्रदेश है। उत्तर प्रदेश को भारत का फूड बास्केट भी कहा जाता है। उत्तर प्रदेश के पास देश की कुल कृषि योग्य भूमि का केवल 11% है, लेकिन खाद्यान्न उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी 21% है।"
'राज्य में निवेश के लिए अपार संभावनाएं'
उन्होंन आगे कहा, "उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में निवेश के लिए अपार संभावनाएं हैं। आज देश का सबसे बड़ा 75,000 एकड़ का लैंड बैंक हमारे पास उपलब्ध है। Seamless Connectivity और अनुकूल व्यावसायिक वातावरण के साथ प्रदेश सरकार निवेश के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।"
'उद्यमी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़'
राज्य के सीएम ने कहा, "उद्यमी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। जब कोई उद्योग स्थापित होता है, तो वह केवल निवेश ही नहीं लाता, बल्कि कनेक्टिविटी को सशक्त करता है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करता है।"