मुजफ्फरनगर: कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन अभी नहीं टूटा है। जब हमने साथ मिलकर चुनाव लड़ा तो हमें जो सफलता मिली। इस परिणाम को सबने देखा है। इस सफलता में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की भूमिका सभी समझते हैं। कांग्रेस हाईकमान इसे ध्यान में रखते हुए ही आगे कोई फैसला लेगा। मुज्फ्फरनगर में मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए सलमान खुर्शीद ने ये बतात कही।
गठबंधन पर कौन करेगा फैसला?
सलमान खुर्शीद ने कहा कि इस गठबंधन का रिजल्ट सबके सामने है। फिलहाल बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियां चल रही है। यूपी में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन अभी टूटा नहीं है। इस गठबंधन को लेकर पार्टी के बड़े नेता फैसला करेंगे। लेकिन पिछले चुनाव में दोनों दलों का प्रदर्शन कैसा रहा वह सबके सामने है। अब हाईकमान को आगे का फैसला लेना है।
2024 के लोकसभा चुनाव में कैसा रहा प्रदर्शन?
बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनावों में इस गठबंधन ने बीजेपी को कड़ी टक्कर देते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। 2024 के लोकसभा चुनावों में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। सपा को 37 सीटों पर सफलता मिली जबकि कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं इन दोनों दलों की मिली जुली ताकत का मुकाबला बीजेपी नहीं कर पाई और उसे काफी नुकसान उठाना पड़ा।
2017 में कैसा रहा था गठबंधन का प्रदर्शन?
इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनावों में भी दोनों दलों ने "यूपी के लड़के" के नारे के साथ गठबंधन किया था। हालांकि, उस चुनाव में यह गठबंधन भाजपा की लहर को रोकने में असफल रहा था और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा था। 2017 की असफलता के बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन टूट गया था। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले बदलते राजनीतिक समीकरणों के चलते दोनों दलों ने गठबंधन किया और उसका एक अच्छा नतीजा सामने आया।
यूपी में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन वर्तमान में एक मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है। 2024 की चुनावी सफलता ने दोनों दलों को नई ऊर्जा दी है। हालांकि, भविष्य की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि दोनों सियासी दल आपसी मतभेदों को कैसे सुलझाते हैं और जमीनी स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर को-ऑर्डिनेशन कैसे स्थापित करते हैं।