1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में इस दिन हो सकती है बारिश, 34 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, अयोध्या-वाराणसी-लखनऊ में 6°C से नीचे पहुंचा पारा

यूपी में इस दिन हो सकती है बारिश, 34 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, अयोध्या-वाराणसी-लखनऊ में 6°C से नीचे पहुंचा पारा

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jan 16, 2026 10:50 pm IST,  Updated : Jan 16, 2026 10:57 pm IST

यूपी के कई जिलों में अगले 48 घंटे के दौरान घना कोहरा और कड़ाके की सर्दी पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना जताई गई है।

यूपी में कोहरे का अलर्ट- India TV Hindi
यूपी में कोहरे का अलर्ट Image Source : PTI

लखनऊः उत्तर प्रदेश भीषण शीतलहर की चपेट में है। लखनऊ, कानपुर, मेरठ और वाराणसी सहित 34 जिलों में घना कोहरा पड़ रहा है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली और गोरखपुर जैसे जिलों के लिए बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां सुबह के समय विजिबिलिटी 50 मीटर से कम हो जाती है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में अगले 24 घंटे के दौरान 30 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा पड़ सकता है।

यूपी में इस दिन हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण 18 जनवरी से पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 17 और 18 जनवरी को आकाश में बादल छाए रहेंगे। 18-20 जनवरी के दौरान बारिश होने की संभावना है, जिससे ठंडी हवाओं के कारण ठंड और बढ़ सकती है। 

यूपी के इन जिलों में पड़ रही कड़ाके की सर्दी

यूपी में हांड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। शुक्रवार को हरदोई राज्य का सबसे ठंडा प्रदेश रहा। हरदोई का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर शहर (4.0), अयोध्या (4.0), नजीबाबाद (4.0), मुजफ्फरनगर (4.1), मुरादाबाद (4.2) और बरेली का न्यूनतम तापमान 4.8 दर्ज किया गया। जबकि लखनऊ में पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 20 डिग्री सेल्सियस और सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। राज्य के कई जिलों के लिए कोल्ड डे दिन का अलर्ट जारी किया गया है। 

मौसम विभाग ने कहा कि फिरोजाबाद और अलीगढ़ में 4-5°C तापमान दर्ज किया जा रहा है। बुंदेलखंड क्षेत्र के झांसी में न्यूनतम तापमान 7°C है और दिन में आसमान साफ ​​रहता है। आजमगढ़, मऊ जैसे पूर्वी जिलों में न्यूनतम तापमान 8-11°C है, जबकि पश्चिमी सहारनपुर में 5°C है। गोरखपुर मंडल में 6-10°C के बीच तापमान बना हुआ है

मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

इससे पहले शुक्रवार को कोहरे की वजह से कई जगहों पर दृश्यता तेज़ी से कम हो गई। कुछ जगहों पर दृश्यता लगभग 50 मीटर हो गयी जबकि पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्टेशनों पर घना कोहरा दृश्यता लगभग 200 मीटर रही। लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और अयोध्या उन शहरों में शामिल थे जहां सुबह के समय कम दृश्यता रही। मौसम विभाग ने लोगों को कम दृश्यता और ठंड की वजह से सुबह और देर रात के समय सावधान रहने की सलाह दी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।