अलीगढ़ में कुत्ते को लेकर हुए मामूली विवाद ने कुछ ही देर में बड़ा रूप अख्तियार कर लिया। कहासुनी के बाद पहले कुत्ते को गोली मार दी गई और इसके बाद जब कुत्ते के मालिक ने इसका विरोध किया तो उस पर भी फायर कर दिया गया। इस बीच जहां एक ओर कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना गुरुवार की बताई जा रही है, लेकिन अब पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है। इसको लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरदुआगंज थाना क्षेत्र के भोजपुर की है घटना
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र के भोजपुर में एक व्यक्ति ने भौंकने पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर न सिर्फ एक कुत्ते को गोली मार दी, बल्कि विरोध करने पर एक युवक पर भी फायरिंग कर दी। यह घटना उस वक्त हुई जब आरोपी विश्वजीत अपनी मोटरसाइकिल से अपने खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में उसकी हरिओम के पुत्र विकास से कुत्ते के भौंकने को लेकर कहासुनी हुई। इससे विश्वजीत का गुस्सा भड़क उठा। उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद गुस्से में आकर कुत्ते पर गोली चला दी। गोली लगते ही कुत्ते की मौत हो गई। विरोध करने पर विश्वजीत ने विकास पर भी गोली चला दी, जिससे उसका दाहिना पैर घायल हो गया। विकास को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल सही है। घटना गुरुवार की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच, आरोपी फरार
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि विकास शर्मा नामक युवक ने तहरीर दी है कि उसके खेत के पास ही विश्वजीत उर्फ विशु नामक व्यक्ति का भी खेत है। वह वहां पर गए हुए थे। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद विश्वजीत ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर कर दिया। एक गोली उसके कुत्ते को लगी, जबकि दूसरी विकास के पैर में लगी है। घटना के बाद आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत अब कुछ ठीक बताई जा रही है।
अलीगढ़ से प्रदीप की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
बदायूं में हाईटेंशन लाइन से टकराया कांवड़ियों का डीजे, करंट लगने से 7 बच्चे झुलसे, एक युवक की मौत
उन्नाव में रसमलाई खाने पर बढ़ा विवाद, लोहे की कैंची से किया हमला