1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कन्नौज रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, निर्माणाधीन लेंटर गिरा, मलबे में कई लोग दबे

कन्नौज रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, निर्माणाधीन लेंटर गिरा, मलबे में कई लोग दबे

 Published : Jan 11, 2025 03:31 pm IST,  Updated : Jan 11, 2025 05:10 pm IST

कन्नौज में बड़ा हादसा हुआ है। यहां रेलवे स्टेशन पर एक निर्माणाधीन लेंटर गिरने से मलबे में कई लोगों के दबे होने की खबर है। राहत और बचाव का काम चल रहा है।

कन्नौज में लेंटर...- India TV Hindi
कन्नौज में लेंटर गिरने से बड़ा हादसा Image Source : INDIA TV

कन्नौज: कन्नौज रेलवे स्टेशन पर एक निर्माणाधीन लेंटर गिरने से मलबे में मजदूरों दबे होने की खबर है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का काम चल रहा है। जानकारी के मुताबिक रेलवे स्टेशन पर बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था। दूसरी मंजिल पर छत का लेंटर अचानक गिर पड़ा।  लेंटर गिरने के बाद मलबे में 35 से 40 मजदूर दब गए।

ताजा जानकारी के मुताबिक अभी तक मलबे से 23 मजदूरों को निकाला जा चुका है। तीन मजदूरों की हालत गंभीर है। इन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। मलबे में दबे हुए बाकी मजदूरों को निकालने के लिए लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। मंत्री असीम अरुण ने बताया कि रेस्क्यू अभियान जारी है। जल्द ही सभी दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाल लिया जाएगा। मलबे में अभी भी 15 से 20 मजदूरों के दबे होने की आशंका। डीएम, मंत्री, एसपी और रेलवे के अफसर घटनास्थल पर मौजूद हैं।

बताया जाता है कि रेलवे स्टेशन पर सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यह निर्माण किया जा रहा था। लेंटर गिरते ही जोरदार आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने राहत और बचाव का काम तेज करने के निर्देश दिए हैं।

(रिपोर्ट-सुरजीत कुशवाहा, कन्नौज)

 

 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।