1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में हाईवे का 'मोबाइल शिकारी' गैंग बेनकाब, 12 चोरी के फोन और अवैध तमंचे के साथ चार गिरफ्तार

कानपुर में हाईवे का 'मोबाइल शिकारी' गैंग बेनकाब, 12 चोरी के फोन और अवैध तमंचे के साथ चार गिरफ्तार

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 18, 2026 05:26 pm IST,  Updated : Aug 18, 2026 05:27 pm IST

कानपुर को बड़ी कामयाबी हा​थ लगी है। हाईवे पर सो रहे ट्रक ड्राइवरों की नींद का फायदा उठाकर उनके मोबाइल चोरी करने वाले एक गैंग को पकड़ा गया है।

Kanpur Police has arrested the accused of stealing mobile phones of truck drivers.- India TV Hindi
कानपुर पुलिस ने ट्रक ड्राइवरों का मोबाइल चोरी कराने के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश में हाईवे किनारे ट्रक खड़ा कर आराम करने वाले ड्राइवर शातिर बदमाशों के निशाने पर थे। ड्राइवरों के सोते ही उनके मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह का कानपुर की महाराजपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से चोरी किए गए 12 स्मार्टफोन के साथ 315 बोर का एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पहले से आपराधिक इतिहास वाले हैं बदमाश

एडीसीपी शिवा सिंह ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में कई ऐसे बदमाश शामिल हैं, जिनका पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लिया एक्शन

पुलिस के अनुसार मंगलवार को उपनिरीक्षक पवन शर्मा अपनी टीम के साथ कुलगांव अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले चार युवक रामादेवी की ओर से महाराजपुर की तरफ आ रहे हैं। बताया गया कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को बेचने की फिराक में हैं।

भागने की कोशिश में पकड़े गए आरोपी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस टीम सर्विस रोड से होते हुए केआईटी कॉलेज के सामने पहुंची। इसी दौरान संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने सभी की पहचान का किया खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों के ड्राइवरों को निशाना बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक सैनी उर्फ कद्दू निवासी नर्वल, कानपुर, आदित्य यादव उर्फ रफ्तार निवासी चकेरी, राघवेंद्र यादव उर्फ राघव उर्फ कल्लू निवासी चकेरी और बाबू सिंह निवासी चकेरी के रूप में की है।

कानपुर और फतेहपुर में पहले से दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के मुताबिक अभिषेक सैनी उर्फ कद्दू के कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल और 315 बोर का अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। उसके खिलाफ कानपुर और फतेहपुर में लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब आधा दर्जन मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं आदित्य यादव उर्फ रफ्तार के पास से तीन मोबाइल बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ जाजमऊ थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। तीसरे आरोपी राघवेंद्र यादव उर्फ राघव उर्फ कल्लू के पास से Oppo, Infinix, Redmi और Vivo कंपनियों के चार स्मार्टफोन बरामद किए गए। चौथे आरोपी बाबू सिंह के कब्जे से Oppo और Motorola कंपनी के दो मोबाइल फोन मिले हैं।

मोबाइल फोन जिनके हैं, उन्हें वापस किए जाएंगे

महाराजपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों का पता लगाकर उन्हें वापस सौंपने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

सीएम योगी का सख्त निर्देश, रास्ता न दिला पाएं तो लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार सबको सस्पेंड करो

दरोगा का गला दबाया, पथराव और मारपीट; लखनऊ में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, 6 गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।