Birla Temple Mathura Protest: यूपी में मथुरा शहर के मुख्य इलाके में बिड़ला मंदिर और पुलिस चौकी के ठीक बीच में शराब का नया ठेका खुलने से भारी विवाद हो गया। बुधवार शाम को जैसे ही शराब की दुकान खुली तो स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने ठेके के सामने जमकर हंगामा किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुकान को तुरंत बंद कराने की मांग की। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में इससे भारी आक्रोश है।
बिड़ला मंदिर के पास ठेका खुलने से बवाल
स्थानीय निवासियों और प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर शराब की दुकान खोली गई है, उसके एक तरफ चंद कदमों की दूरी पर बिड़ला मंदिर है, जहां सुबह-शाम सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। वहीं, दूसरी ओर पुलिस चौकी स्थित है। लोगों का तर्क है कि मंदिर के पास शराब का ठेका खुलने से इलाके का माहौल पूरी तरह खराब होगा।
शराबियों का जमावड़ा लगने की आशंका
वहीं, महिलाओं ने शिकायत की है कि ठेके के बाहर शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगेगा, जिससे उनका और बच्चों का घर से निकलना व मंदिर जाना मुश्किल हो जाएगा।
आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है। नियमानुसार, किसी भी धार्मिक स्थल, स्कूल या अस्पताल के आस-पास शराब की दुकान खोलने की अनुमति नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर मिलीभगत और नियमों की घोर अनदेखी का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के ठीक बगल में यह सब होना और भी ज्यादा चौंकाने वाला है।
पुलिस ने किया शांत कराने का प्रयास
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। साथ ही, उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। हालांकि, प्रदर्शनकारी ठेका बंद कराने की जिद पर अड़े रहे।
प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के भीतर शराब के ठेके का लाइसेंस रद्द कर उसे वहां से नहीं हटाया गया, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन और चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन अब इस मामले में आबकारी विभाग से रिपोर्ट तलब करने की तैयारी कर रहा है।
(इनपुट- मोहन श्याम शर्मा)