1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित, समाजवादी पार्टी विधायकों का प्रदर्शन

यूपी विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित, समाजवादी पार्टी विधायकों का प्रदर्शन

 Reported By: Ruchi Kumar Written By: Niraj Kumar
 Published : Aug 03, 2026 12:09 pm IST,  Updated : Aug 03, 2026 12:09 pm IST

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज पहला दिन था। शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

UP Assembly- India TV Hindi
विधानसभा के बाहर नारेबाजी करते समाजवादी पार्टी के विधायक Image Source : REPORTER INPUT

लखनऊ: शोक प्रस्ताव ने बाद यूपी विधान सभा कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं विधानसभा के बाहर समाजवादी पार्टी के विधायकों ने राम मंदिर चंदा चोरी, नीट पेपर लीक मुद्दे पर सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कहा कि सदन के समय का बेहतर उपयोग हो और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी आवाज पर सदन में चर्चा का अवसर प्राप्त हो इसके लिए मैंने कल सर्वदलीय बैठक में और पहले भी समय समय पर सभी सदस्यों से आग्रह किया है। डबल इंजन की सरकार ने पिछले 9 वर्ष के अंदर 6 करोड़ से अधिक गरीबों को गरीबी रेखा से उभार कर मध्यम वर्ग में लाकर उनके जीवन में परिवर्तन लाया है। उस परिवर्तन का केंद्र बिन्दु हमारी विधायिका है।

प्रभु राम के चढ़ावे पर डाका डाला -माता प्रसाद पांडेय

 उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने  कहा कि सदन में चढ़ावा चोरी, बिजली, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था पर चर्चा होगी। प्रभु राम के चढ़ावे पर डाका डाला गया है, वो पहला मुद्दा है। उन्होंने कहा कि किसानों और कृषि से जुड़े विषयों को भी सदन में उठाया जाएगा। इसके अलावा स्कूल बंद होने के मुद्दे पर भी चर्चा होगी। वहीं तीन दिनों का सत्र बुलाने पर समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने सरकार की आलोचना की।

समाजवादी पार्टी के नेता ज़ाहिद बेग अयोध्या राम मंदिर के चंदे में कथित गबन और E20 पेट्रोल के मुद्दे के पोस्टर लेकर साइकिल पर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने लिखा, "भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया है: 'हम राम को लाए। हम चंदे को खायेंगें।'  उन्होंने कहा कि E20 गाड़ियों के लिए नुकसानदायक है। 2020 में लागू की गई शिक्षा नीति को खत्म किया जाना चाहिए, और कानूनी मामलों के ज़रिए छात्रों को परेशान करना बंद होना चाहिए। "

बीजेपी ने विपक्ष के प्रदर्शन की आलोचना की

विधानसभा परिसर में विपक्ष के प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने कहा, "जब भी सदन आता है आप इनकी नौटंकी का दर्शन करते हैं। उत्तर प्रदेश के विकास से इनका कोई लेना देना नहीं है। प्रदेश की जनता की समस्याओं से इनका कोई लेना देना नहीं है। सरकार बार-बार कह रही है कि सदन में सरकार से सवाल पूछिए, सरकार आपके एक-एक सवाल का जवाब देना चाहती है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।