1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ये कैसी मां? 7 महीने के बेटे को उतारा मौत के घाट, पति ने सख्ती से की पूछताछ तो खुला राज

ये कैसी मां? 7 महीने के बेटे को उतारा मौत के घाट, पति ने सख्ती से की पूछताछ तो खुला राज

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 09, 2026 03:00 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 03:01 pm IST

मेरठ से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। मां पर 7 महीने के बेटे की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में मां ने बेटे की हत्या की बात कबूल कर ली है।

Meerut News- India TV Hindi
मां ने की बेटे की हत्या Image Source : INDIA TV

मेरठ से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक मां को उसी के बच्चे की मौत के आरोप में गिरफ्तार किया है। पहले बच्चे के मौत बीमारी से होने की बात सामने आई, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि महिला ने ही बच्चे की हत्या की है। सात महीने के मासूम की मौत की वजह पहले मां ने बीमारी बताया, लेकिन जब सच सामने आया तो सभी सन्न रह गए। आरोप है कि मां ने ही अपने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में उसे प्राकृतिक मौत का रूप देने की कोशिश की।

पति के शक से खुला राज

मामला मुंडाली थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव का है। यहां रहने वाले अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी मीनाक्षी के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। दोनों के रिश्तों में लगातार तनाव बना हुआ था। इसी बीच 30 मई को अमित घर पर नहीं था और उसी दौरान उनके सात महीने के बेटे रुद्रांश की मौत हो गई।

परिवार को बताया गया कि बच्चा बीमार था, जिसके चलते उसकी जान चली गई। जल्दबाजी में मासूम का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। लेकिन कुछ दिनों बाद मामला उस समय पलट गया जब अमित को पत्नी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल में एक युवक से लगातार बातचीत की जानकारी मिली। इसे लेकर घर में विवाद बढ़ा और पूछताछ के दौरान पत्नी पर शक गहराता चला गया।

मां ने कबूली बेटे की हत्या

पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर मीनाक्षी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि घर में अकेले होने के दौरान उसने अपने ही बेटे का गला दबा दिया था। इसके बाद बीमारी से मौत की कहानी बनाकर परिवार और गांव वालों को गुमराह किया गया। एसपी (ग्रामीण) अभिजीत कुमार के अनुसार, 8 जून को मिली शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया। फिलहाल आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस घटना में कोई और व्यक्ति तो शामिल नहीं था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।