1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली में वारदात, पैसों के विवाद में नेता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले, मौत के बाद इलाके में हड़कंप

बरेली में वारदात, पैसों के विवाद में नेता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले, मौत के बाद इलाके में हड़कंप

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 29, 2026 02:37 pm IST,  Updated : Aug 29, 2026 02:37 pm IST

उत्तर प्रदेश के बरेली के सुभाषनगर में रक्षाबंधन की रात रुपये के लेनदेन के पुराने विवाद को लेकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश के चलते हुए आमने-सामने के विवाद के बाद आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए।

Incident occurred in Bareilly- India TV Hindi
बरेली में हुआ वारदात Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में रक्षाबंधन के पावन पर्व की रात एक खौफनाक वारदात सामने आई है। शहर के थाना सुभाषनगर क्षेत्र अंतर्गत मढ़ीनाथ मोहल्ले में मांझे वाली बगिया के पास पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर बीजेपी के स्थानीय नेता सचिन कश्यप की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। सचिन कश्यप मढ़ीनाथ मंडल में बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत थे। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

एक महीने पुराना था विवाद, पहले भी हुई थी मारपीट

मिली जानकारी के अनुसार, सचिन का कुछ स्थानीय लोगों के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते लगभग एक महीने पहले भी दोनों पक्षों में काफी कहासुनी, गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। उस समय मोहल्ले के वरिष्ठ नागरिकों और परिचितों ने बीच-बचाव करके दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता करवा दिया था। समझौता होने के बाद मामला सतह पर तो शांत दिख रहा था, लेकिन आरोपियों के मन में रंजिश बनी हुई थी।

बातचीत से शुरू हुई कहासुनी और फिर ताबड़तोड़ हमला

रक्षाबंधन की रात सचिन कश्यप मढ़ीनाथ स्थित मांझे वाली बगिया के पास मौजूद थे। इसी दौरान उनका सामना विरोधी पक्ष के लोगों से हो गया। पुराने पैसों के मुद्दे पर दोनों पक्षों में दोबारा बहस छिड़ गई। देखते ही देखते मामूली बातचीत तीखी बहस में बदल गई। इसके बाद आरोपियों ने अचानक धारदार चाकुओं से सचिन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने सचिन के शरीर पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े।

घटनास्थल पर अफरा-तफरी और पुलिस की कार्रवाई

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़ जमा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सचिन को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही सुभाषनगर थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

बरेली से विकास साहनी की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

बुलंदशहर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल

प्रयागराज से हरिद्वार तक जाएगा गंगा एक्सप्रेसवे, यूपी कैबिनेट ने दी मंजूरी- चेक करें डिटेल्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।